सिवनीमध्यप्रदेश

निजी स्कूलों की सुरक्षा से संगठन विस्तार तक, एसोसिएशन की बैठक में लिए कई अहम फैसले

विद्यार्थियों के लिए ग्रीन कार्ड व्यवस्था लागू करने पर जोर, 65 सदस्यीय जिला कार्यकारिणी के गठन का निर्णय

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन सिवनी की बैठक में बड़े फैसले, ग्रीन कार्ड और 65 सदस्यीय कार्यकारिणी

Seoni, 31 August 2026
सिवनी यशो:- प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक आशीर्वाद पैलेस, सिवनी में आयोजित हुई। प्रदेश अध्यक्ष शैलेष तिवारी के मुख्य आतिथ्य एवं कार्यकारी जिलाध्यक्ष नरेश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के आठों विकासखंडों से निजी विद्यालयों के संचालकों ने सहभागिता की।

बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा, विद्यालय संचालन की गुणवत्ता, शिक्षकों के प्रशिक्षण, संगठन विस्तार तथा निजी विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं को शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सिवनी में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक
सिवनी में आयोजित प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक में मौजूद विद्यालय संचालक।

विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए ग्रीन कार्ड व्यवस्था

बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में ‘ग्रीन कार्ड’ व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत अभिभावक द्वारा विद्यालय से बच्चे को ले जाते समय ग्रीन कार्ड अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके अलावा विद्यालय शुरू होने के बाद किसी विषम परिस्थिति में विद्यार्थी को छुट्टी देने से पहले अभिभावक से चर्चा करने पर भी सहमति बनी, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

गुणवत्ता और प्रशिक्षण पर भी जोर

निजी विद्यालयों के सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन के लिए आवश्यक मानकों, व्यवस्थाओं और मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में विद्यालय संचालन से संबंधित विभिन्न समस्याओं को एकजुट होकर शासन के समक्ष रखने पर भी चर्चा हुई।

65 सदस्यीय कार्यकारिणी का होगा गठन

संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला एवं विकासखंड स्तर की कार्यकारिणी के पुनर्गठन का निर्णय लिया गया। जिला कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष, कार्यकारी जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं सहसचिव के साथ प्रत्येक विकासखंड से तीन सदस्यों को शामिल करते हुए 65 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित की जाएगी।

इसके साथ ही निजी विद्यालयों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जिले की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय भी लिया गया।

आठों विकासखंडों के संचालकों की सहभागिता

बैठक में विधिक सलाहकार जनक तिवारी, कोषाध्यक्ष शिवकुमार हीरनखेड़े, घंसौर विकासखंड से हीरालाल गोल्हानी, लखनादौन से शैलेन्द्र यादव, धनौरा से नरेश विश्वकर्मा, केवलारी से सुशील तिवारी, कुरई से सीमा गढ़पायले, बरघाट से भुवनेश्वर चौधरी एवं पवन पारधी तथा सिवनी विकासखंड से दिनेश चौकसे, नीरज साहू और राजेश बघेल सहित आठों विकासखंडों के विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

बैठक में संचालक साथियों ने संगठन को मजबूत बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा निजी विद्यालयों से जुड़े विषयों को एकजुट होकर प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया।

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला मीडिया प्रभारी शुभम सोनी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यकारी जिलाध्यक्ष नरेश सिंह राजपूत ने सभी संचालकों से अपने-अपने विकासखंड में होने वाली बैठकों में अधिक से अधिक संचालकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने 7 सितंबर से पूर्व विकासखंड स्तर की कार्यकारिणी का गठन करने की अपील भी की।

यह भी पढ़े :-खबर की दौड़ में सबसे आगे नहीं, भरोसे की दौड़ में सबसे आगे!

सिवनी को 9.82 करोड़ की दो सड़कों की सौगात, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने जताया आभार

छिंदवाड़ा में TET शिक्षकों पर पुलिस कार्रवाई, दिल्ली जा रहे 25 शिक्षक ट्रेन से उतारे

तोपों की सलामी के साथ बड़े तालाब में हुआ भुजलिया का विसर्जन

https://plurisacademy.com/about/pluris-blog/8-ways-in-which-private-schools-are-safer

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button