सिवनी उत्तर वन मंडल में पदस्थापना को लेकर उठे सवाल, ‘सुविधा शुल्क’ वसूली की चर्चाएं तेज
स्थानांतरण के बाद पसंदीदा पदस्थापना दिलाने के नाम पर लेन-देन की चर्चा, कर्मचारियों में असंतोष की आहट
सिवनी उत्तर वन मंडल पदस्थापना को लेकर विवाद, सुविधा शुल्क वसूली की चर्चाओं से कर्मचारियों में असंतोष
Seoni, 24 July 2026
सिवनी यशो:- वन विभाग में इस वर्ष बड़े पैमाने पर पदोन्नति और स्थानांतरण की प्रक्रिया के बाद अब सिवनी उत्तर वन मंडल में कर्मचारियों की पदस्थापना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार नरसिंहपुर, पेंच नेशनल पार्क, वर्किंग प्लान तथा दक्षिण वन मंडल सहित विभिन्न इकाइयों से करीब 40 कर्मचारी स्थानांतरित होकर सिवनी उत्तर वन मंडल पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि इन कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों पर पदस्थ करने की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि कई कर्मचारी अपनी सुविधा और पसंद के अनुसार पदस्थापना चाहते हैं।
सूत्रों के अनुसार, पसंदीदा स्थान पर पदस्थापना दिलाने के नाम पर ‘सुविधा शुल्क’ लिए जाने की चर्चाएं विभागीय गलियारों में तेजी से फैल रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
यदि इन चर्चाओं में सच्चाई है तो यह न केवल विभागीय पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि कर्मचारियों में असंतोष भी बढ़ा सकता है। बताया जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया को लेकर कई कर्मचारियों में नाराजगी है और असंतोष के स्वर सुनाई देने लगे हैं।
सूत्रों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति स्पष्ट नहीं हुई और पदस्थापना प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो यह असंतोष कभी भी सार्वजनिक रूप ले सकता है।
नोट: यह समाचार विभागीय सूत्रों एवं कर्मचारियों के बीच चल रही चर्चाओं पर आधारित है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
यह भी पढ़े :–
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने खैरीटेक पहुंचकर शोकाकुल यादव परिवार से की मुलाकात, व्यक्त की संवेदनाएं
मध्य प्रदेश में 4 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे, सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा फैसला



