सिवनी: कोतवाली पुलिस ने 6 चोरी-नकबजनी की वारदातों का किया खुलासा, हिस्ट्रीशीटर अज्जू कोष्टा समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
सिवनी चोरी का खुलासा : कोतवाली पुलिस ने 6 चोरी-नकबजनी की वारदातों का किया खुलासा, हिस्ट्रीशीटर अज्जू कोष्टा समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख के जेवर व 2 वाहन बरामद
Seoni, 24 July 2026
सिवनी यशो:- कोतवाली पुलिस ने चोरी एवं नकबजनी के छह अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर अजय उर्फ अज्जू कोष्टा सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा दो वाहन (एक मोटरसाइकिल एवं एक स्कूटी) बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से इन मामलों का खुलासा किया।
वर्ष 2025 के मामले का भी हुआ खुलासा
भैरोगंज क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई नकबजनी के मामले में पुलिस ने शुभम जैन और संदेश सोनकेशरिया को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि चोरी के जेवर आईआईएफएल बैंक में गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए थे। पुलिस ने बैंक प्रक्रिया के तहत करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवर बरामद कर लिए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी की राशि से खरीदी गई कार की भी तलाश की जा रही है।
हिस्ट्रीशीटर अज्जू कोष्टा ने कबूली तीन चोरियां
कोतवाली क्षेत्र में इस वर्ष हुई तीन चोरी की घटनाओं में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजय उर्फ अज्जू कोष्टा को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी सहित 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा वर्ष 2012 से उसकी हिस्ट्रीशीट खुली हुई है।
पूछताछ में उसने अलग-अलग स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके रिश्तेदार राजकुमार विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार किया, जिसने चोरी के माल में हिस्सेदारी के रूप में मिले जेवर रखने की बात स्वीकार की।
इन मामलों में पुलिस ने सोने के मंगलसूत्र, झुमके, पेंडल, चांदी की पायल सहित लाखों रुपये के जेवर बरामद किए हैं।
जबलपुर के दो आरोपी भी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने महेंद्र उर्फ पिल्लई और सूरज डमार निवासी जबलपुर को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पहले भी चोरी, लूट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के बड़ी मात्रा में जेवर, 10 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की। बरामद माल की कुल कीमत 11.15 लाख रुपये बताई गई है।
हालिया चोरी में युवक गिरफ्तार
21 जुलाई 2026 को भैरोगंज क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अतिन हेडाउ को गिरफ्तार किया। उसके पास से एंड्रॉयड मोबाइल, पावर बैंक, चार्जर, 600 रुपये नकद तथा चोरी की सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार सभी मामलों में आरोपियों की पहचान तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है। दो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर शेष चोरी के माल की बरामदगी की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश तिवारी, उप निरीक्षक डी.सी. ग्यारसिया, सहायक उप निरीक्षक जगमोहन अधिकारी, जसवंत सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, मनोज पाल, मुकेश गोंडाने, प्रदीप चौधरी, सुधीर डहेरिया, संतोष साह, आरक्षक दिलीप उडके, चेतन शमो तथा चालक आरक्षक मानू डहेरिया की विशेष भूमिका रही।
यह भी पढ़े :-
MP Police में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी, CM मोहन यादव का बड़ा फैसला
बरघाट सिविल अस्पताल फिर बना 100 बिस्तरीय, मुख्यमंत्री की घोषणा पर मिली स्वीकृति
मिलावटी और सिंथेटिक दूध पर सिवनी में शिकंजा, डेयरी व दूध विक्रेताओं से लिए गए नमूने



