धर्ममध्यप्रदेशसिवनी

सरस्वती विद्यालय ने हर्षोल्लास से मनायी विवेकानंद जयंती

विशाल पथ संचलन एवं शोभा यात्रा, सजाई मनमोहक झांकियॉ

Seoni 12 January 2025
सिवनी यशो:- नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था सरस्वती शिशु/उ.मा विद्यालय भैरोगंज सिवनी में राष्ट्रपुरूष, महान संत, हिन्दू युग दृष्टा स्वामी विवेकानंद जयंती अत्यंत हर्षोल्लास एवं प्रसन्नता के वातावरण में मनाई गई। आयोजन का प्रारंभ प्रात: काल सूर्य नमस्कार महायज्ञ से हुआ जिसमें प्रमुख अतिथि शिवानंद सिन्हा (प्रांत प्रमुख विद्याभारती महाकोशल प्रांत) रहे, जबकि रामबहोरी पटेल (विभाग समन्वयक छिंदवाडा) एवं प्राचार्य ओमप्रकाश जी यादव मंचासीन रहे।

सूर्य नमस्कार महायज्ञ के उपरांत विद्यालय के भैया-बहिनों द्वारा विशाल पथसंचलन एवं शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में अनेक प्रकार की सुंदर-सुंदर देश भक्ति पूर्ण झांकियॉ सजाई गई, रथ, घोडा एवं विभिन्न वाहनों पर मॉ भारती, स्वामी विवेकानंद, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, मॉ काली आदि की वेशभूषा धारण किए हुए भैया बहिन देशभक्ति की भावना जाग्रत कर रहे थे। विद्यालय के घोष दल के साथ कदम से कदम मिलाते हुए 1000 भैया-बहिनों का विशाल समूह जब नगरों की सड़को पर निकलता तो नागरिकों ने हर्ष ध्वनि करते हुए देश भक्ति से भरे हुए भैया-बहिनों पर स्थान-स्थान पर पुष्प वर्षा की। अनुशासनबध, कतारों में चल रहे छात्र-छात्रा जोशिले देशभक्ति पूर्ण नारों से सिवनी नगर को गुंजायमान कर रहे थे।

भैया-बहिनों का मार्गदर्शन करता हुआ आचार्य परिवार एवं विद्यालय संचालन समिति के गणमान्य पदाधिकारी पद संचलन एंव शोभायात्रा में साथ-साथ चल रहे थे। पथ संचलन एवं शोभायात्रा में जिन नागरिक बंधुओ ने स्वागत एवं पुष्प वर्षा की उन सभी के प्रति विवेकानंद बाल कल्याण समिति एवं समस्त आचार्य परिवार ने हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए, धन्यवाद ज्ञापित किया है।

संचलन एवं शोभा यात्रा की समाप्ति के उपरांत विद्यालय के अंबडेकर सभागार में विवेकानंद जयंती समारोह का मंचीय आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि प्रवीण जी मिश्रा विभाग प्रचार प्रमुख(राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ) रहे तथा नूपेश ठाकुर उपाध्यक्ष विवेकानंद बाल कल्याण समिति एवं प्राचार्य ओमप्रकाश यादव मंचासीन रहे। इस अवसर पर भैया कीर्तिन साहू, बहिन याशा कुल्हाडे, योविका निर्मलकर ने अपने विचार रखे। भैया-बहिनों को संबोधित करते हुए प्रवीण मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा ग्रहण कर कर्म निष्ठ, देशभक्त एवं मानवता के प्रति संवेनशील बनने का आग्रह किया।

अतिथि परिचय प्रकाश गुप्ता, स्वागत कृष्णमुरारी दुबे एवं मंच संचालन सौ.कीर्ति ठाकुर ने किया। विवेकानंद जयंती के इस संपूर्ण आयोजन में विद्या भारती जिला सिवनी के सचिव विनीत अग्रवाल ने सक्रिया भूमिका का निर्वाह किया। संपूर्ण आचार्य परिवार ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। पथ संचलन एवं शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं संचलन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया जिसके लिए व्यवस्थापक नितिन चौधरी, अध्यक्ष दीपक साहू एवं समस्त विवेकानंद बाल कल्याण एवं आचार्य परिवार ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!