SDO सिचांई विभाग सस्पेंड : किसान से दुर्व्यवहार मामले में
Seoni 16 February 2025
सिवनी यशो:- किसान से दुर्व्यवहार करने के मामले में भीमगढ़ दांयी तट नहर उपसंभाग कमांक-3 कान्हीवाड़ा में प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी श्रीराम बघेल को प्रमुख अभियंता जल संसाधन विभाग ने निलंबित कर दिया है और निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय नर्मदापुरम निर्धारित किया है ।
यहाँ बता दें कि गत 14 फरवरी को जलसंसाधन विभाग के प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी श्रीराम बघेल ने केवलारी क्षेत्र के रामदास चौरसिया नामक किसान के साथ गाली गलौच और कालर पकड़कर उसके साथ मारपीट करते हुये उसे अपनी कार की डिक्की में भरने का प्रयास किया तथा मोबाइल छीन लिये मरने मारने की बात की। इस सारे घटना क्रम का वीडिओ सोशल मीडिया में वायरल होते ही राजनैतिक दलों एवं आमजनो की प्रतिक्रियाएँ आने लगी और यह वीडिओ तेजी से वायरल हुआ ।
वीडिओ वायरल होने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के स्थानीय नेताओं ने प्रदेश के शीर्ष नेताओं से चर्चा की और किसान के साथ जल संसाधन विभाग के एसडीओ श्रीराम बघेल द्वारा किये दुर्व्यवहार की जानकारी दी । नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किसान के साथ हुये दुर्व्यवहार की तीखी आलोचना करते हुये सरकार को आड़े हाथो लिया और अपने सोशल मीडिया अकांउट एक्स पर वीडिओ अटैच करते हुये लिखा कि ऐसे अफसरों पर नकेल कसना जरूरी सिवनी जिले की ये घटना इस बात का प्रमाण है कि एमपी के अफसर कितने बेलगाम और किसान कितना निरीह है!ये जल संसाधन_विभाग के एसडीओ श्रीराम बघेल हैं, जिन्होंने एक किसान के साथ मारपीट की और उसे कार की डिक्की में बंद कर दिया। किसान की गलती कुछ भी हो, अफसर को कानून में हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं! डां. मोहन सरकार को तत्काल इस अफसर पर कार्रवाही करना चाहिए ताकि भविष्य में कोई हरकत नहीं कर सके ।https://x.com/UmangSinghar/status/1891020783155036250
वहीं भाजपा मंडल केवलारी के अध्यक्ष अनूप बघेल ने भी किसान रामदास चौरसिया केवलारी निवासी के साथ एसडीओ श्रीराम बघेल द्वारा किये गये दुर्व्यवहार पर आपत्ति प्रगट करते हुये भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन से चर्चा करने के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री डां. मोहन यादव को पत्र लिखते हुये कार्यवाही की मांग की ।







