कलेक्टर नेहा मीना ने आंगनवाड़ी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण
बच्चों का वजन और ऊंचाई जांचकर पोषण स्तर का लिया जायजा, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण और एनीमिया उपचार पर विशेष जोर
कलेक्टर नेहा मीना का आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण
Seoni, 16 October 2026
सिवनी यशो:- जिले में बच्चों के पोषण, मातृ स्वास्थ्य और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने घंसौर विकासखंड के ग्राम दारोटकला एवं मेहता का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण एवं देखभाल की स्थिति देखी, जबकि मेहता स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में गर्भवती महिलाओं की जांच, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

बच्चों की ऊंचाई और वजन जांचकर देखी पोषण स्थिति
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने ग्राम दारोटकला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, पंजीकृत बच्चों की संख्या, पोषण आहार वितरण और केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अपने सामने बच्चों की ऊंचाई एवं वजन की जांच कराई और उनकी स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने बच्चों की नियमित वृद्धि पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें उचित पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल, बच्चों के बैठने की व्यवस्था और पोषण सामग्री की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान ‘स्नेह परिधान अभियान’ के अंतर्गत बच्चों को ड्रेस का वितरण भी किया गया। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी गतिविधियों, सीखने की प्रक्रिया और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने उनके स्वास्थ्य, नियमित जांच, टीकाकरण और पोषण संबंधी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, आवश्यक टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा पोषण आहार का नियमित सेवन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने संबंधित कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उन्हें शासन की योजनाओं और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दवाइयों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम मेहता स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने एएनसी पंजीयन, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, टीकाकरण और ओपीडी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने दवाइयों के स्टॉक एवं वितरण का अवलोकन करते हुए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने एएनसी के अंतर्गत पंजीकृत गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने एनीमिया से ग्रसित महिलाओं की पहचान, उपचार और स्वास्थ्य प्रबंधन की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसी महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और उन्हें आवश्यकता के अनुसार समय पर उपचार उपलब्ध हो।
जननी सुरक्षा योजना के हितलाभ समय पर देने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती मीना ने प्रसूति सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रसूति सहायता एवं हितलाभ वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए और गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की स्वच्छता, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और समग्र चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह, एसडीएम घंसौर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
अवैध उर्वरक भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो लोगों के खिलाफ FIR
छात्रावास में छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर नेहा मीना सख्त, तत्काल निराकरण के निर्देश
19 अक्टूबर को देवभूमि उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे डॉ. ढालसिंह बिसेन



