धर्ममध्यप्रदेशसिवनी

28 अगस्त को बैनगंगा घाट लखनवाड़ा में होगा श्रावणी उपाकर्म पर्व

जिला ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित होगा विशेष धार्मिक अनुष्ठान, तीर्थस्नान, दशविध स्नान, ऋषिपूजन, यज्ञोपवीत पूजन एवं तर्पण सहित होंगे विभिन्न वैदिक संस्कार

28 अगस्त को बैनगंगा घाट लखनवाड़ा में श्रावणी उपाकर्म पर्व, ब्राह्मण समाज का विशेष आयोजन

Seoni 23 August 2026
सिवनी यशो:- जिला ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में ब्राह्मण समाज का महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व श्रावणी उपाकर्म आगामी 28 अगस्त को पुण्य सलिला बैनगंगा नदी के लखनवाड़ा घाट पर आयोजित किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान प्रातः 9:30 बजे से लगभग तीन घंटे तक चलेगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में शास्त्रोक्त विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न धार्मिक संस्कार संपन्न कराए जाएंगे।

जिला ब्राह्मण समाज के अनुसार, परम पूज्य धर्म सम्राट ब्रह्मलीन जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज की प्रेरणा से तथा मातृधाम प्रभारी रहे स्वर्गीय पंडित गौरीशंकर तिवारी द्वारा वर्ष 1980 से सिवनी में श्रावणी पर्व की परंपरा प्रारंभ की गई थी, जो निरंतर जारी है। आधुनिक समय में लुप्त होती जा रही इस वैदिक परंपरा को पुनर्जीवित एवं संरक्षित करने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक श्रावणी उपाकर्म आयोजित किए जाते रहे हैं।

ब्रह्मवर्चस्व संवर्धक पर्व है श्रावणी उपाकर्म

श्रावणी उपाकर्म को ब्राह्मणों के ब्रह्मवर्चस्व संवर्धक धार्मिक पर्व के रूप में मनाया जाता है। श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले इस वैदिक पर्व में वर्षभर जाने-अनजाने हुए कर्मों के प्रायश्चित का संकल्प लिया जाता है तथा धर्मनिष्ठ एवं मंगलमय जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना की जाती है।

आयोजन में तीर्थस्नान, पंचगव्य प्राशन, हेमाद्रि संकल्प, दशविध स्नान, सूर्योपस्थान, ऋषिपूजन, नूतन यज्ञोपवीत पूजन एवं धारण, देव-ऋषि-पितृ तर्पण तथा प्राणायाम सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं विद्वानों द्वारा शास्त्रोक्त विधि से संपन्न कराई जाएंगी। वैदिक मंत्रों के साथ हवन में आहुतियां भी दी जाएंगी।

संस्कृत दिवस से भी जुड़ा है पर्व

आयोजकों ने बताया कि श्रावणी पूर्णिमा को संस्कृत दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस अवसर पर संस्कृत भाषा एवं वैदिक परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। श्रावणी उपाकर्म इसी वैदिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

विद्वानों की गरिमामय उपस्थिति में होगा आयोजन

28 अगस्त को बैनगंगा घाट लखनवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में गुरु परिवार के वरिष्ठ सदस्य आचार्य पं. सनत कुमार उपाध्याय, संस्कृत आचार्य पं. जानकीवल्लभ मिश्र, मातृधाम प्रभारी धर्मवीर पं. अजित तिवारी एवं पुजारी संघ अध्यक्ष पं. सोनू महाराज की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।

जिला ब्राह्मण समाज ने जिले के सभी विकासखंडों की ब्राह्मण संगठन इकाइयों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भी बंधु-बांधवों के साथ श्रावणी उपाकर्म पर्व का आयोजन करें तथा सामूहिक रूप से इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाएं।

साथ लाएं आवश्यक सामग्री

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने साथ पूरे वर्ष में जनेऊ बदलने की अनुमानित आवश्यकता के अनुसार यज्ञोपवीत (जनेऊ) का बंडल, यथासंभव पूजन सामग्री, पंचपात्र, आसन तथा ब्राह्मणोचित वस्त्र आदि लेकर आएं, ताकि धार्मिक अनुष्ठान में व्यवस्थित रूप से सहभागिता की जा सके।

नागपुर सहित आसपास के जिलों के ब्राह्मणों से भी आग्रह

जिला ब्राह्मण समाज ने सिवनी जिले के साथ ही पड़ोसी जिलों नागपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा और बालाघाट सहित आसपास के क्षेत्रों के समस्त ब्राह्मण समाजजनों से भी 28 अगस्त को श्रावणी उपाकर्म के महापर्व में सहभागी बनने का विनम्र आग्रह किया है।

आयोजन के लिए जिला ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पं. दिलीप तिवारी, पूर्व अध्यक्ष पं. ओमप्रकाश तिवारी, महामंत्री प्रशांत शुक्ला, संयोजक अजय मिश्रा, पं. प्रशांत तिवारी, नगर अध्यक्ष अशोक तिवारी एवं ब्राह्मण समाज पुजारी संघ अध्यक्ष पं. सोनू महाराज ने धर्मप्रेमी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रावणी उपाकर्म में सहभागी बनने और पुण्यलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।

यह भी पढ़े :-

अंतिम व्यक्ति की चौखट तक पहुंचे स्वास्थ्य सुविधा, तभी सार्थक होगा विकास

मध्यप्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, सिवनी-बालाघाट समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा के आसार

बैगा अंचल में मौतों के बाद जागा प्रशासन, अब सवाल—जिम्मेदारी तय होगी या फिर राहत तक सिमटेगा पूरा अभियान?

माता-पिता की जीवित रहते सेवा ही सबसे बड़ा तीर्थ : महंत विपिन बिहारी दास जी महाराज

https://www.prabhatkhabar.com/state/bihar/gopalganj/shravani-upakarma-will-be-celebrated-with-hemadri-bath

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button