मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

बजट गरीब कल्याण का है, व्यापार के लिये आसानी से मिलेगा लोन – अखिलेश शुक्ला

केंद्रीय बजट पर भाजपा ने किया व्यापारी संवाद, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ का आयोजन

Seoni 11 February  2026

सिवनी यशो  :- भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) कार्यालय में बुधवार को केंद्रीय बजट पर एक व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने की। मुख्य वक्ता के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट अखिलेश शुक्ला उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, बजट संवाद कार्यक्रम के प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल तथा भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक रूपचंद मोहनानी विशेष रूप से मौजूद रहे।

केंद्रीय बजट 2026 पर भाजपा व्यापारी संवाद कार्यक्रम सिवनी में अखिलेश शुक्ला, मीना बिसेन और भाजपा विधायक
सिवनी भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारी, विधायक एवं व्यापारी प्रतिनिधि।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सर्वसमावेशी बजट – मीना बिसेन

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के लिये कल्याणकारी एवं हितकारी है।

उन्होंने कहा कि बजट में एमएसएमई एवं स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिये विशेष प्रावधान किये गये हैं, जिससे रोजगार सृजन के साथ-साथ उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आसान ऋण, टैक्स में राहत – अखिलेश शुक्ला

मुख्य वक्ता अखिलेश शुक्ला ने बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इस बजट में देश के सभी वर्गों के लिये रोजगार उपलब्ध कराने की अनेक योजनाएँ शामिल हैं, जिससे समाज का हर तबका लाभान्वित होगा।

उन्होंने कहा कि यदि बजट का सूक्ष्म अध्ययन किया जाये तो यह स्पष्ट होता है कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के ठोस प्रावधान किये गये हैं।

बजट में आयकर सीमा में वृद्धि, लग्जरी टैक्स में कटौती, जीएसटी दरों में कमी और टैरिफ में 10 प्रतिशत की कटौती के माध्यम से वस्तुओं की कीमतें कम करने का प्रयास किया गया है। साथ ही व्यापारियों को टैक्स एकमुश्त जमा करने के बजाय किस्तों में भुगतान की सुविधा दी गई है।

केंद्रीय बजट 2026 पर भाजपा व्यापारी संवाद कार्यक्रम सिवनी में अखिलेश शुक्ला, मीना बिसेन और भाजपा विधायक
सिवनी भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारी, विधायक एवं व्यापारी प्रतिनिधि।

2047 तक विकसित भारत का रोडमैप है यह बजट – दिनेश राय मुनमुन

सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि यह बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर है। इसमें ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का मानना है कि किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने जी राम जी योजना को रोजगार सृजन का सबसे बड़ा साधन निरूपित किया।

विधायक श्री राय ने कहा कि चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा रखे गये सुझावों पर वे व्यक्तिगत रूप से प्रयास करेंगे तथा आने वाला प्रदेश का बजट इस जिले में विकास के नये द्वार खोलेगा।

लोककल्याणकारी और दूरदर्शी बजट – संजय मालू

चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष संजय मालू ने बजट को लोककल्याणकारी और दूरदृष्टि से परिपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट निश्चित ही देश के विकास को नई दिशा देगा।

उन्होंने जिले से संबंधित समस्याओं और सुझावों को लेकर सांसद एवं विधायकगणों को ज्ञापन सौंपा।

एक देश, एक टैक्स से व्यापारियों को राहत – सुदर्शन बाझल

चेंबर की ओर से सुदर्शन बाझल ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में व्यापारी अब निर्भय होकर व्यापार कर रहे हैं। पहले अनेक प्रकार के टैक्स थे, लेकिन अब “एक देश, एक टैक्स” की व्यवस्था से व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।

विकासशील से विकसित भारत की यात्रा का बजट – सुरेन्द्रनाथ शुक्ला

अधिवक्ता सुरेन्द्रनाथ शुक्ला ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का यह नौंवां बजट विकासशील भारत से विकसित भारत तक पहुँचने का बजट है। यह भारत को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने वाला बजट है।

उन्होंने कहा कि यह हमारे लिये गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त नेतृत्व देश को मिल रहा है, जिन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की राह खोली है।

इसी क्रम में बरघाट विधायक कमल मर्सकोले एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष वेद सिंह ठाकुर ने भी बजट पर अपने विचार रखे।

केंद्रीय बजट 2026 पर भाजपा व्यापारी संवाद कार्यक्रम सिवनी में अखिलेश शुक्ला, मीना बिसेन और भाजपा विधायक
सिवनी भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारी, विधायक एवं व्यापारी प्रतिनिधि।

कार्यक्रम का संचालन एवं उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद-पूर्व मंत्री डॉ. ढालसिंह बिसेन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, पूर्व विधायक श्रीमती शशि ठाकुर, राकेश पाल सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष आलोक दुबे, जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप राय, डॉ. अभिजीत सिंह चौहान, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!