छिंदवाड़ामध्यप्रदेशव्यापार
सरकार खरीदेगी मूंग 8682 और उड़द 7400 प्रति क्विंटल पर, किसान मोर्चा ने जताया आभार
19 जून से शुरू होगा पंजीयन, किसानों को मिलेगा फसल का उचित मूल्य
Chhindwara 15 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:-मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने की घोषणा से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आदेश जारी कर मूंग को 8682 और उड़द को 7400 प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाने की स्वीकृति दी है। यह निर्णय किसानों की मांगों को देखते हुए लिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 19 जून से उपार्जन हेतु पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बिजली और सिंचाई की बेहतर सुविधाओं के चलते अब किसान बड़ी संख्या में ग्रीष्मकालीन मूंग-उड़द की खेती कर रहे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी हो रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना में भी सहयोग दे रही है, जिससे किसानों को फसल का उचित मूल्य और अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अलकेश साव और सिपतराम यदुवंशी ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीयन के लिए फसल का नाम, आधार नंबर, बैंक खाता, IFSC कोड तथा भू-अधिकार ऋण पुस्तिका की स्वप्रमाणित प्रति तैयार रखें। बैंक खाता राष्ट्रीयकृत या जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का होना अनिवार्य होगा।
प्रदेश मंत्री संजय सक्सेना ने जानकारी दी कि राज्य सरकार 32 लाख टीसी कनेक्शनधारी किसानों को सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराने जा रही है। यह सुविधा अगले तीन वर्षों में 10-10 लाख किसानों को दी जाएगी। किसान को केवल 10% राशि वहन करनी होगी, शेष 90% खर्च सरकार वहन करेगी।





