कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मंशा, अब कार्यकर्ता ही अपना नेता चुनेंगे
समय, सक्षम व संगठन का अनुभव रखने वालों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
विमान हादसे के दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि, बैठक नहीं व्यक्तिगत की चर्चा
Chhindwara 13 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:- प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अहमदाबाद विमान हादसे के बाद कांग्रेस ने अपनी सम्पूर्ण बैठकों को स्थगित करते हुए कांग्रेस के पर्यवेक्षकों के दल ने उपस्थित समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ हादसे में दिवंगत जनों को सर्वप्रथम विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। तदोपरांत एआइसीसी व पीसीसी से आए पर्यवेक्षकों के दल ने दोनों ही विधानसभा के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत चर्चा की।
परासिया व जुन्नारदेव विधानसभा के उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक चर्चा के दौरान पर्यवेक्षकों के दल ने संगठन की नब्ज टटोलते हुए कहा कि यहां बूथ स्तर तक पदाधिकारी व कार्यकर्ता सक्रिय है। कमलनाथ एवं नकुलनाथ की सक्रियता संगठन में साफ नजर आ रही है। इतनी बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है। विधानसभा व लोकसभा चुनाव के उपरांत निर्मित सम्पूर्ण विपरित परिस्थितियों में भी जो कांग्रेस के साथ खड़ा है वही कांग्रेस की सबसे मजबूत नींव है। अंग्रेजों से लम्बे संघर्ष के बाद देश को आजाद कराने वाली पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता व पदाधिकारी सच्चा देशभक्त है।
अब कार्यकर्ता ही अपना नेता चुनेंगे
परासिया व जुन्नारदेव विधानसभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत चर्चा के दौरान एआइसीसी से नियुक्त पर्यवेक्षक संजय कपूर ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए कहा कि राहुल गांधी जी की मंशा है कि अब कार्यकर्ता ही नेता चुनें, पहले नेता कार्यकर्ता चुनते थे, इस पर विराम लग चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि अब पद किसी पर थोपा नहीं जाएगा। संगठन को समय देने वाले, सक्षम, संगठन की समझ व अनुभव रखने वाले पदाधिकारी अथवा कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ऐसा इसीलिये क्योंकि जिनके पास समय होगा वे ही संगठन को समय दे पाएंगे, संगठन को चलाने के लिए अनुभव की नितांत आवश्यकता होगी साथ ही सक्षमता भी आवश्यक है।



