चोरी का नेटवर्क ध्वस्त, चार जिलों में एक साथ पुलिस का छापा, करोड़ों का माल जब्त
सीसीटीवी, तकनीक और मुखबिरों के सहारे पुलिस ने तोड़ा चोरों का नेटवर्क
Bhopal 16 December 2025
भोपाल :- प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और संगठित अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में भोपाल, विदिशा, छिंदवाड़ा एवं राजगढ़ जिलों में सक्रिय चोरी के गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इन संयुक्त कार्रवाइयों में पुलिस ने 82 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है।
मोबाइल टावर चोरी गिरोह का भंडाफोड़
भोपाल शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी के मामलों का थाना मिसरोद पुलिस ने खुलासा किया है।
मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण और
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने भोपाल सहित आसपास के जिलों में आधा दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से
-
4 बेसबैंड इलेक्ट्रॉनिक मशीनें
-
चोरी में प्रयुक्त औजार
-
2 वाहन
बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
विदिशा में सूने मकान चोरी का खुलासा
विदिशा जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की घटना की जांच में पुलिस ने 172 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 125 से अधिक लोगों से पूछताछ की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों से
-
लगभग 12 तोला सोने के आभूषण
-
50 हजार रुपये नगद
-
4 लाख रुपये मूल्य की सेंट्रो कार
बरामद की गई। कुल जब्ती की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
छिंदवाड़ा में दिनदहाड़े चोरी सुलझी
छिंदवाड़ा जिले में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की घटना में पुलिस ने अनूपपुर एवं
बालाघाट जिलों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से 5 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
राजगढ़ में सराफा दुकान चोरी का त्वरित खुलासा
थाना नरसिंहगढ़, जिला राजगढ़ क्षेत्र में सराफा व्यापारी की दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया।
इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से
-
लगभग 3.4 किलोग्राम चांदी
-
कुल 6 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति
जब्त की गई है।
82 लाख की कुल बरामदगी, अपराधियों पर कसा शिकंजा
चारों जिलों में की गई मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई में कुल 82 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई
संपत्ति बरामद की गई है।
इन सफल कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि-
मध्यप्रदेश पुलिस संगठित और संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से नियंत्रण रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास को मजबूत कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि –
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाना को दें,
ताकि समय रहते अपराधों की रोकथाम की जा सके।



