मध्यप्रदेशसिवनी

अकेले सिवनी जिले के हजारों लोग फर्जी जाति प्रमाण पत्र से पा चुके हैं नौकरी

Seoni 03 March 2025
सिवनी यशो:- सरकारी नौकरियों में फर्जी जाति प्रमाण पत्रों के आरोप के करीब 17 हजार मामले हाई कोर्ट में लंबित है। इनमें आईएएस अफसरों से लेकर चपरासी तक शामिल हैं। ये वो मामले हैं जिनकी शिकायत हो चुकी है। जिन मामलों की शिकायत नहीं हुई है जो चुपचाप नौकरी कर रहे हैं इनकी संख्या करीब एक लाख हो सकती है। अकेले सिवनी जिले के हजारों लोग सरकारी नौकरी पा चुके हैं। जिन पर फर्जी जाति प्रमाण पत्रों के तहत नौकरी पाने का आरोप है।

समाजसेवी रघुवीर अहरवाल ने फर्जी जाति प्रमाण पत्रों से नौकरी और अन्य प्रकार लाभ पाने वालों की बड़ी संख्या पर हैरानी व्यक्त करते हुए बताया कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र के द्वारा नौकरी आदि प्राप्त करने की शिकायत पर तीन महीने में जांच कार्यवाही करने के सामान्य प्रशासन विभाग के स्पष्ट निर्देश हैं। इसके बाद भी प्रदेश में 14 – 15 सालों से जांच कार्यवाही लंबित पड़ी है। हजारों लोग फर्जी जाति प्रमाण के द्वारा नौकरी पाकर रिटायर भी हो चुके हैं। हजारों ऐसे भी लोग हैं जो हाई कोर्ट से स्टे लेकर नौकरी कर रहे हैं। अब तक न छानबीन समिति न ही विभाग ने स्टे वैकेट कराया है।

इसमें लाखों रुपए के लेनदेन होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। जाति नाम की समानता का अनुचित लाभ लेकर प्रदेश की कुछ जातियों ने हजारों की संख्या की संख्या में कथित जाति प्रमाण पत्रों के तहत नौकरी प्राप्त किया है। अनेक मामले ऐसे हैं जिनमें केवल अस्थायी जाति प्रमाण पत्र के द्वारा नौकरी पाई गई है। लेकिन स्थाई जाति पत्र देने की जहमत नहीं उठाई है। उनका काम बिना स्थाई जाति प्रमाण पत्र के सहारे चल रहा है। श्री अहरवाल ने आगे बताया कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र के द्वारा नौकरी पाने वाले देश की बड़ी बड़ी संस्थाओं के साथ साथ विदेशों में भी नौकरी और सरकारी सहायता से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं ।

अनेक लोग फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर विधायक और सांसद बन चुके हैं सैकड़ों की संख्या में नगरीय निकायों और पंचायत निकायों में चुनाव लड़ चुके हैं। अनुमान है कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर पूरे देश में लाभ लेने वालों की संख्या कई लाख हैं। जिनके खिलाफ उचित कार्यवाही नहीं होना आरक्षित वर्ग के साथ घोर अन्याय का प्रमाण है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button