बरघाट और कुरई में टाइगर का हमला, दो महिलाओं की मौत से ग्रामीणों में भय
बरघाट में महिला की मौत, कुरई क्षेत्र में महुआ बीनने गई महिला बनी शिकार
सिवनी में बाघ का आतंक, बरघाट और कुरई में महिलाओं पर हमले से दहशत
सिवनी यशो :- जिले में रविवार को बाघ के हमलों की दो अलग-अलग घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत फैला दी। बरघाट विकासखंड के बीजा टोला और कुरई थाना क्षेत्र में टाइगर के हमले में महिलाओं की मौत की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लगातार बढ़ती वन्यजीव गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
बरघाट के बीजा टोला में खेत जाते समय हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरघाट विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मऊ के बीजा टोला निवासी सेवबती मर्सकोले पति शिवचरण मर्सकोले खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक टाइगर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव में शोक और भय का वातावरण बन गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे।
कुरई क्षेत्र में महुआ बीनने गई महिला को बनाया शिकार
वहीं दूसरी घटना कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव जिलापुर में सामने आई। यहां 55 वर्षीय शांतिबाई पति रोशनलाल कुमरे रविवार सुबह लगभग 10 बजे गांव के समीप जंगल में महुआ की गुल्ली बीनने गई थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
दोपहर करीब 2 बजे जंगल में शांतिबाई का शव मिला। आशंका जताई गई कि बाघ ने उन पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग
दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जंगल से लगे गांवों में आए दिन बाघ और अन्य वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे खेतों और जंगलों में जाने वाले लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त, चेतावनी व्यवस्था और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा घटनाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



