प्रशिक्षार्थियों के स्वागत के लिये प्रशिक्षण स्थल सजकर तैयार
भाजपा का जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आज से, ग्रेंड रजवाड़ा में होगा शुभारंभ

भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आज से, ग्रेंड रजवाड़ा सजकर तैयार
Seoni 22 May 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत सिवनी जिले का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग 23 मई से लूघरवाड़ा क्षेत्र स्थित दा ग्रेंड रजवाड़ा में प्रारंभ होगा।

प्रशिक्षार्थियों के स्वागत के लिये प्रशिक्षण स्थल को आकर्षक एवं अनुशासित वातावरण के अनुरूप भव्य रूप से सजाया गया है। भाजपा जिला संगठन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मीना बिसेन के मार्गदर्शन में तैयारियों को दिया गया भव्य स्वरूप
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा लगातार अनेक स्तरीय बैठकें आयोजित की गईं।

प्रशिक्षण स्थल पर आवास, भोजन, बैठक व्यवस्था, मंच, पंजीयन, अनुशासन एवं प्रशिक्षार्थियों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। पूरे परिसर को संगठनात्मक वातावरण के अनुरूप सजाया गया है, जिससे प्रशिक्षण वर्ग में सहभागी होने वाले पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सकारात्मक और प्रेरणादायी माहौल प्राप्त हो सके।
प्रशिक्षण वर्ग को अनुशासित और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर
प्रशिक्षण वर्ग संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण वर्ग को पूर्ण अनुशासन एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण प्रभारी सत्यनारायण अग्रवाल के मार्गदर्शन में सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग की प्रत्येक व्यवस्था की सूक्ष्मता से चिंता की गई है। भाजपा नेताओं द्वारा प्रशिक्षण स्थल का पूर्व अवलोकन कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई है, ताकि प्रशिक्षण वर्ग सफल, प्रेरणादायी एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हो सके।
175 अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी होंगे शामिल
दो दिवसीय इस जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में लगभग 175 अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रशिक्षण वर्ग 23 एवं 24 मई को आयोजित किया जाएगा।
दो दिन एवं एक रात्रि के इस प्रशिक्षण वर्ग में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे, जिनमें विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, वैचारिक मजबूती, सेवा कार्य, नेतृत्व विकास एवं संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहेंगे।
वर्ग के जिला संयोजक संतोष अग्रवाल ने सभी अपेक्षित श्रेणी के प्रशिक्षणार्थियों से निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होने का आग्रह किया है।



