लिपिक संघ में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, राकेश बघेल बने वरिष्ठ उप प्रांताध्यक्ष
युवा नेतृत्व को मिली बड़ी जिम्मेदारी, संगठन को मिलेगी नई धार और आक्रामक दिशा
Seoni 19 February 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिले के सक्रिय एवं मुखर कर्मचारी नेता राकेश बघेल को संघ का वरिष्ठ उप प्रांताध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संघ के प्रांताध्यक्ष मुकेश चतुर्वेदी द्वारा संगठन के संविधान में प्रदत्त अधिकारों के अंतर्गत की गई।
राकेश बघेल वर्तमान में उत्तर सामान्य वन मंडल में मुख्य लिपिक के पद पर पदस्थ हैं तथा कर्मचारी कांग्रेस के संभागीय अध्यक्ष का दायित्व भी निभा रहे हैं। इससे पूर्व वे वन कर्मचारी संघ की जिला इकाई से लेकर प्रदेश इकाई तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संगठनात्मक संघर्षों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
नियुक्ति आदेश जारी करते हुए प्रांताध्यक्ष मुकेश चतुर्वेदी ने विश्वास जताया कि राकेश बघेल संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सक्रियता और कर्मचारी हित में मजबूती से करेंगे।
संगठन में खुशी, बधाइयों का दौर
इस नियुक्ति पर मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ, शाखा सिवनी के जिलाध्यक्ष डी.के. कोल, उप प्रांताध्यक्ष पवन कुमार राजपूत सहित सभी पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी। साथ ही संगठन को मजबूत दिशा देने के लिए प्रांताध्यक्ष के निर्णय की सराहना की।
कर्मचारी संगठनों में राकेश बघेल की यह नियुक्ति युवा नेतृत्व को आगे लाने वाला निर्णायक कदम मानी जा रही है, जिससे संघ की गतिविधियों में नई ऊर्जा और आक्रामकता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कई संगठनों ने दी शुभकामनाएं
नियुक्ति की खबर के बाद विभिन्न कर्मचारी संगठनों एवं नेताओं ने राकेश बघेल को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। बधाई देने वालों में कर्मचारी नेता साजिद खान, वन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी, कृषि उपज मंडी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष नौबत सनोडिया सहित वरिष्ठ कर्मचारी नेता महेंद्र पंडया, जी.एम. ठाकरे, अरुण सेनी, बी.पी. राजपाल, महेंद्र ठाकरे, नरेंद्र मिश्रा, सुभाष बघेल, सी.पी. सिंह, जितेंद्र राजपूत एवं अनेक कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल रहे।



