क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

नौकरी दिलाने के नाम पर 29 लाख की ठगी, दो सगे भाई गिरफ्तार

सिवनी नौकरी ठगी मामला 

Seoni 24 February 2026
सिवनी यशो:- बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वालों के खिलाफ सिवनी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने एफसीआई में नौकरी और सरकारी विभाग में वाहन लगाने का लालच देकर 29 लाख 1 हजार 30 रुपये की ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया है।

एफसीआई में नौकरी और सरकारी वाहन लगाने का दिया झांसा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी सुनील शेल्के एवं उसके बड़े भाई रवि शेल्के द्वारा एफसीआई विभाग में नौकरी दिलाने तथा सरकारी विभाग में वाहन लगाने का प्रलोभन देकर तीन बेरोजगार युवकों से बड़ी रकम ऐंठी गई। पीड़ितों में अभिषेक चौरसिया (निवासी छीतापार, थाना कुरई), अनिल चौरसिया (निवासी मरकावाड़ा, थाना केवलारी) एवं प्रभात नाग्या (निवासी शास्त्री वार्ड, सिवनी) शामिल हैं।

फोन-पे, नगद और बैंक खातों से ली गई रकम

आरोपियों ने दिनांक 13 फरवरी 2023 से 16 जून 2025 के बीच फोन-पे, नगद एवं बैंक खातों के माध्यम से कुल 29,01,030 रुपये की राशि पीड़ितों से प्राप्त की। इसके बाद आरोपियों द्वारा पीड़ितों को कूटरचित एवं फर्जी नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया अपराध

पीड़ितों की शिकायत की जांच के उपरांत थाना कोतवाली सिवनी में दिनांक 22 फरवरी 2026 को आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपियों की पतासाजी कर सुनील शेल्के (उम्र 50 वर्ष) को 22 फरवरी 2026 एवं रवि शेल्के (उम्र 62 वर्ष) को 23 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।

न्यायालय ने भेजा जेल, फर्जी दस्तावेज जब्त

दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, जियो सिम कार्ड, फर्जी नियुक्ति पत्र, बैंक डिटेल्स एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी, सहायक उप निरीक्षक दिनेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, मुकेश गोडाने, मनोज मरावी, आर. प्रदीप चौधरी, सुधीर डहेरिया, मुकेश चौरसिया, सौरभ ठाकुर, लोकेश सरयाम, विसराम धुर्वे एवं इरफान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को राशि देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

https://www.naidunia.com/madhya-pradesh/panna-six-lakh-rupees-defrauded-in-name-of-government-job-cunning-accused-arrested-from-bhopal-8428584

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!