पीपरताल जलाशय में खेलते-खेलते गहरे पानी में डूबे दोनों बच्चे, देर रात रेस्क्यू में निकाले गए शव
पीपरताल जलाशय में खेलते-खेलते गहरे पानी में डूबे दोनों बच्चे, देर रात रेस्क्यू में निकाले गए शव
उगली तालाब हादसा: पीपरताल में डूबने से 2 मासूमों की मौत
सिवनी/उगली यशो :- थाना उगली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरिया में एक हृदय विदारक हादसा सामने आया, जहां पीपरताल जलाशय में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 4 मई की शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच की है, जब गांव के दो बालक खेलते-खेलते जलाशय के पास पहुंच गए। इसी दौरान एक बालक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिर गया। उसे डूबता देख दूसरा बालक उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया, लेकिन दोनों ही गहराई में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अमित पंद्रे (8 वर्ष), पिता राकेश पंद्रे और संजीव अड़मे (8 वर्ष), पिता शिवचरण अड़मे, दोनों निवासी पिपरिया के रूप में हुई है। अमित का शव पहले बरामद कर लिया गया था, जबकि संजीव की तलाश पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से लगातार जारी रही और देर रात उसका शव भी जलाशय से निकाल लिया गया।
थाना उगली पुलिस के अनुसार, जिस स्थान से शव बरामद किए गए वहां पानी की गहराई लगभग 10 से 12 फीट थी। रेस्क्यू के लिए जाल और अन्य साधनों का उपयोग किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।



