सिवनी यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की डबल इंजन वाली सरकार लोगों का जीवन बदलने का काम कर रही हैं। हमारे कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं, जो प्रत्येक बूथ पर सजग प्रहरी की तरह तैनात हैं। विकास और गरीब कल्याण के जो काम हमारी सरकारों ने किए हैं, उसके आधार पर प्रदेश की जनता हमें आशीर्वाद देगी और जिले की सभी विधानसभा सीटें जीतकर भाजपा इतिहास रचेगी। इस आशय की बात भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक दुबे द्वारा जारी वक्तव्य में कही गई ।
हर खेत और घर तक भाजपा ने पहुँचाया पानी
श्री दुबे ने कहा कि, भाजपा ने “पग-पग रोटी, डग-डग नीर”। इस कहावत को जमीन पर उतरने का काम कर रही है। कांग्रेस न तो सिंचाई की पर्याप्त सुविधाएं दे पाई और न ही पीने का पानी उपलब्ध कराया। भाजपा सरकार ने ही पेंच का पानी यहां के अनेक क्षेत्रों में पहुंचाया है। इसके अलावा भी सिंचाई परियोजनाओं पर तेज गति से काम चल रहा है। छोटे-छोटे किसानों की उपज बढ़ाना हमारा संकल्प है। हमने हर खेत और हर घर तक पानी पहुंचाने के लिए अपना मिशन बनाया है।
वैश्विक महामारी में भाजपा ने दिया जनता का साथ
श्री दुबे ने कहा कि,जब कोविड आया, तो हर तरफ मौत मंडरा रही थी। गांव में किसी बाहरी व्यक्ति को घुसने नहीं दिया जाता था। ऐसा लगने लगा था कि हमारे गरीब आदिवासियों का क्या होगा? यहां से जो बच्चे काम करने बाहर गए थे, वो भी पैदल वापस आ गए। तब मोदी जी ने तय किया कि किसी गरीब के घर का चूल्हा बुझने नहीं दिया जायेगा।, गरीब भूखा नहीं सोयेगा। तब लोगों को मुफ्त राशन देने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की। इस योजना के अंतर्गत देश के 80 करोड़ लोगों को आज भी मुफ्त राशन मिल रहा है, इस योजना को पांच साल के लिए और आगे बढ़ाया गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन मिलता रहे और अनाज पर जो खर्च होता है, वह पैसा जीवन के अन्य कामों के लिए उपयोग हो जाए। भाजपा ने मुफ्त राशन, मुफ्त टीकाकरण, मुक्त इलाज की व्यवस्था की है, जिसका लाभ आदिवासी परिवारों को भी हो रहा है। मध्यप्रदेश की सरकार दाल, तेल और चीनी पर भी रियायत देने जा रही है।
महिलाओं को भाजपा दे रही आर्थिक संबल
श्री दुबे ने कहा कि,केंद्र की सरकार गर्भवती बहनों को पीएम मातृ वंदना योजना के तहत हजारों रुपए दे रही है, तो प्रदेश की भाजपा सरकार लाडली बहना, लाडली लक्ष्मी योजना में बेटियों, बहनों को आर्थिक ताकत दे रही है। भाजपा सरकार ने संकल्प लिया है, आदिवासी क्षेत्रों में एकलव्य आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे। प्रदेश की भाजपा सरकार भी आदिवासी क्षेत्रों में नए स्कूल बना रही है ।श्री दुबे ने कहा कि हमारी सरकार ने पहले मुफ्त गैस कनेक्शन दिए और अब सिलेंडर 500 रुपये तक सस्ता कर दिया है। प्रदेश में भाजपा ने बहनों को और अधिक राहत देने का संकल्प लिया है।
आदिवासी एवं किसानों की आर्थिक चिंता पूरी गंभीरता से करती है भाजपा
श्री दुबे ने कहा कि आदिवासी भाईयों को वन उपज का अधिकतम मूल्य मिले इसके लिए केंद्र सरकार 90 से अधिक वन उपज को एमएसपी के दायरे में लाई है। केंद्र सरकार ने ही वन धन योजना शुरू की है। आज आदिवासी परिवारों के लाखों लोगों को इससे रोजगार मिल रहा है। अब एमपी में भाजपा ने संकल्प लिया है कि तेंदू पत्ता की खरीदी 4000 रुपये प्रति मानक बोरा के हिसाब से की जाएगी। भाजपा की केंद्र सरकार ने छोटे किसानों को 6 हजार रुपये किसान सम्मान निधि देना शुरू किया, तो राज्य सरकार ने भी उसमें 6000 रुपये जोड़ दिये। केंद्र की भाजपा सरकार ने धान और गेहूं के एमएसपी को लागत से डेढ़ गुना किया तो अब एमपी बीजेपी का संकल्प है कि गेहूं 2700 रुपए और धान 3100 रूपए प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा।
कांग्रेस के पास विकास की नहीं गारंटी पर अपराध बढऩे की है
श्री दुबे ने कहा कि, मध्यप्रदेश के विकास की गारंटी कांग्रेस नहीं दे सकती। क्योंकि, कांग्रेस जहां-जहां आई है, वहां भ्रष्टाचार बढ़ा है, अपराध बढ़ा है। कांग्रेस में निजी स्वार्थ सर्वोपरि है। इन्हें अपने बेटों के भविष्य की चिंता है, लेकिन भाजपा ने हर बेटे-बेटियों की चिंता की है।
श्री दुबे ने कहा कि, कांग्रेस जहां भी सत्ता में है वहां उसका एक ही एजेंडा है- लूट, भ्रष्टाचार और जनता पर अत्याचार। कांग्रेस बार-बार झूठ बोलकर लोगों को भ्रमित करती है यही उसका तरीका है। कांग्रेस के पास सिर्फ विरोध है, निराशा है और नकारात्मकता है। कांग्रेस का चरित्र तुष्टिकरण, गुंडागर्दी, दंगा-फसाद और भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करने का रहा है।
कांग्रेस मध्यप्रदेश को पुन: बीमारू राज्य बना देगी
श्री दुबे ने कहा कि, मोदी जी के नतृत्व मे शताब्दियों से दबी हुई भारत की ऊर्जा और उसकी शक्ति अब अपने सही रास्ते पर आगे बढ़ रही है। कांग्रेस वह पार्टी है जो हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार करती है। कांग्रेस वह पार्टी है जो सिर्फ एक परिवार के लिए काम करती है, उसे दूसरों के परिवार से कोई मतलब नहीं है। जहां जहां कांग्रेस आई तबाही लाई है। कांग्रेस के कारनामे देश का कोई व्यक्ति भूल नहीं सकता। भाजपा ने बड़ी मुश्किल से एमपी को बहुत गहरे कुएं में से बाहर निकाला है। इसलिए ऐसा कोई भी काम मध्यप्रदेश से प्यार करने वाला कोई भी व्यक्ति नहीं कर सकता, जिससे मध्य प्रदेश की पहचान फिर से बीमारू राज्य की बन जाए।