शिवराज सरकार दे रही एक हजार, कमलनाथ ने कहा हम देंगे 1500 रूपये
सिवनी यशो:- इस वर्ष के अंत में मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव होना है । राजनैतिक दल अपने अपने पक्ष को मजबूत करने के लिये जुट गये है जहाँ कार्यकत्र्ताओं की पूंछ परख बढ़ गयी है वहीं आमजनता को आकर्षित करने वाली लोकलुभावनी घोषणाएँ भी होना प्रारंभ हो गया हे । भाजपा तथा कांग्रेस दोनों प्रदेश की आधी आबादी मातृशक्ति को अपने पक्ष में करने के लिये लगे हुये है । प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गत 05 मार्च को लाडली बहना योजना का शुभारंभ किया जिसके तहत प्रत्येक पात्र महिला को एक हजार रूपये प्रतिमाह सरकार प्रदान करेंगी जिसकी पहली किस्त 10 जून को खाते में डाली जायेगी ।
इस योजना से एक कदम आगे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रत्येक महिला को 18 हजार रूपये हर वर्ष प्रदान किया जायेगा । उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के लिये दुनिया की सबसे बड़ी वित्तीय योजना होगी । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को देश में सबसे अधिक आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है और कांग्रेस उस संकल्प को पूरा करेगी। शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार केवल घोषणा करती है हम संकल्प के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये काम करेंगे ।





