भोपाल में ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में मशाल जुलूस, भाजपा महिला मोर्चा का विपक्ष पर हमला
33% आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना
भोपाल में निकला विशाल मशाल जुलूस
भोपाल, 28 अप्रैल 2026: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम के समर्थन में मंगलवार को राजधानी भोपाल में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

जुलूस सोमवारा पुलिस चौकी से शुरू होकर सुभाष चौक होते हुए लखेरापुरा पहुंचा, जहां सभा के साथ इसका समापन हुआ। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और मशाल लेकर अधिनियम के समर्थन में नारेबाजी की।
विपक्ष के खिलाफ दिखा आक्रोश
जुलूस में शामिल महिलाओं ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। तख्तियों पर लिखे स्लोगनों के माध्यम से महिलाओं ने अपने आक्रोश का प्रदर्शन किया।
नेताओं के बयान: ‘महिलाएं देंगी जवाब’
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद लता वानखेड़े और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने अपने संबोधन में कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम का विरोध महिलाओं के अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने में बाधा डाल रहे हैं।

नेताओं ने कहा कि देश की नारी शक्ति इस विरोध को याद रखेगी और समय आने पर इसका जवाब देगी।
हजारों महिलाओं की भागीदारी
मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, सांसद माया नारोलिया, महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट: क्या है ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम?यह अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने से संबंधित है, जिसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह समाचार भाजपा द्वारा जारी प्रेस-नोट पर आधारित है।





