अपडेट- बाघ का शिकार बना 17 वर्षीय सुमित, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर आवागमन ठप, 25 लाख मुआवज़े और बाघ पकड़ने की मांग पर अड़े
Seoni 20 June 2025
सिवनी यशो:-सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बावनथड़ी (पिंडरई बुट्टे) के एक 17 वर्षीय किशोर को जंगल में गाय चराते समय बाघ ने मार डाला। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कुरई मुख्यालय पहुंचकर नेशनल हाईवे 44 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
गाय चराते समय बाघ ने किया हमला
मृतक युवक की पहचान सुमित पिता पंचम पन्द्र (उम्र 17 वर्ष) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को घर की गायों को चराने के लिए गांव से लगे जंगल की ओर गया था। इसी दौरान जंगल के किनारे बाघ ने उस पर हमला कर घसीट कर ले गया।
ग्रामीणों ने घटना को देखा और अन्य लोगों को सूचना दी। लाठी-डंडों से लैस दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां लगभग एक किलोमीटर अंदर खवासा परिक्षेत्र में भीड़ देखकर बाघ युवक का शव छोड़कर भाग गया।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। परिजन और गांववाले शव के साथ कुरई बस स्टैंड पहुंचे और दोपहर 4.30 बजे से चक्का जाम शुरू कर दिया, जो देर रात तक जारी था।
प्रशासनिक अमला मौके पर, परिजन 25 लाख की सहायता और बाघ पकड़े जाने की मांग पर अड़े
ग्रामीणों की मांग है कि –
-
मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए,
-
और आक्रामक बाघ को पकड़ने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय पुलिस अधिकारी ललित गठरे, पेंच टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर रजनीश सिंह, कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम और जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश सनोडिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक चक्काजाम नहीं हटाया गया था और हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध था।



