छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति

भाजपा नेता की जासूसी करवाने ड्राईवर को दिया 3 माह का वेतन मामला पुलिस में पहुंचा

छिदंवाड़ा यशो:- परासिया में भाजपा के दो कद्दावर नेताओं की लड़ाई इन दिनों जिले से लेकर भाजपा के प्रदेश संगठन तक छाई हुई है। शिकायत में आरोप है कि भाजपा जिला महामंत्री परमजीत बिज ने जिला मंत्री अनुज पाटकर की जासूसी के लिए दुर्गेश नामक युवक को परासिया नगर पालिका से पूरे तीन महीने वेतन दिया, इतना ही नहीं जिला मंत्री की जासूसी के एवज में नगर पालिका में पक्की नौकरी का वादा भी किया गया, जिसके लिए 30 हजार रूपए की डिमांड की गई, लेकिन नौकरी नहीं लगने पर युवक ने इस मामले की शिकायत थाना प्रभारी परासिया से की है। इस प्रकरण में परासिया नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय पर भी शिकायतकर्ता ने लेन-देन के आरोप लगाए है। दूसरी ओर भाजपा संगठन पदाधिकारी पूरे मामले की जांच की बात कह रहे है।
भाजपा जिला मंत्री श्री पाटकर के यहां ड्राइवर का कार्य करने वाले परािसया निवासी दुर्गेश विश्वकर्मा की शिकायत के बाद ये बवाल मचा हुआ है। दुर्गेश का आरोप है कि पिछले दिनों भाजपा कार्यालय के सामने भाजपा नेता परमजीत बिज ने उसे नगर पालिका में सरकारी नौकरी का लालच दिया और कहा कि छह माह तक उसे अस्थाई और उसके बाद स्थाई नौकरी मिल जाएगी, लेकिन इसके बदले तुझे 30 हजार रूपए और जिलामंत्री अनुज पाटकर क्या-क्या बातें उसके बारे में करता है इसकी पूरी जानकारी पहुंचानी होगी। इसके बाद में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय से मिला। यहां नपाध्यक्ष ने अनुज की पूरी जानकारी देने की बात कही, तब पक्की नौकरी का वादा किया। मेरे खाते में पूरे तीन महिने तक वेतन डाला गया। इस बीच मेरे दोस्त अभिषेक मालवी के साथ जाकर मैने नपाध्यक्ष श्री मालवीय को 30 हजार रूपए दिए, लेकिन उसके बाद न तो पक्की नौकरी मिली और न ही वेतन आया। इस मामले की शिकायत शिकायतकर्ता द्वारा परासिया थाना प्रभारी से की गई है।

संगठन में बवाल, भोपाल तक पहुंचा

परासिया के दो भाजपा नेताओं द्वारा खुलकर एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोलने की शिकायत भोपाल संगठन पदाधिकारियों तक पहुंच गई है। पहले जिला और उसके बाद प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों इस प्रकरण में अभी कोई कार्रवाई किसी पदाधिकारी के विरूद्ध नहीं हुई है।

इनका कहना

मेरे छबि खराब करने के लिए ये मामला उठाया गया है। मुझे इस मामले की कोई भी जानकारी नहीं है। में दुर्गेश नामक युवक को नहीं जानता हूं।
परमजीत बिज, जिला महामंत्री

मेरे ड्राईवर ने जो शिकायत की है, उस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। मेरे द्वारा पार्टी फोरम में भी इस मामले को उठाया गया है।
अनुज पाटकर, जिला मंत्री भाजपा

सोशल मीडिया के माध्यम से ही मामले की जानकारी लगी है। परासिया के दोनों पदाधिकारी पार्टी के सक्रिय सदस्य है। हम दोनों पदाधिकारियों के साथ बैठकर मामला सुलझायेंगे।
शेषराव यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष

यह पार्टी का मामला है। पार्टी फोरम में ही इस मामले की बात करेंगे। पार्टी की एक मर्यादा होती है। इसको लांघना सही नहीं है।
विनोद मालवीय, नपाध्यक्ष, परासिया

तीन महीने वेतन देने के बाद वेतन देना बंद कर दिया गया। नपाध्यक्ष द्वारा मुझसे 30 हजार लिए गए है। वापस मांगने पर डराने धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
दुर्गेश विश्वकर्मा, शिकायतकर्ता

मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। इस मामले की जांच जारी है। जांच करने के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
जिगोतिन मसराम
थाना प्रभारी परासिया

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!