अतिवृष्टि प्रभावी कृषकों एवं आमनागरिकों को मिलेगी मुआवजा राशि- मुख्यमंत्री डॉ यादव
उत्सव की भांति ढोल-नंगाड़ों एवं पुष्प वर्षा से मुख्यमंत्री डॉ यादव का जिला मुख्यालय आगमन पर किया गया स्वागत
सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का सडक मार्ग से सिवनी जिला मुख्यालय पहुंचने पर नगरवासियों द्वारा खुले दिल से मुख्यमंत्री डॉ यादव का अभिवादन किया गया। उत्सव की तरह ढोल-नंगाड़ों की गूंज के बीच मुख्यमंत्री डॉ यादव के काफिले पर पुष्प वर्षा की गई। मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा भी आत्मीयता से सभी का अभिवादन स्वीकार किया गया।
मंचीय कार्यक्रम को संबोधित कर डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरा अगस्त माह बहनों के लिए उत्सव की तरह मना रही है। नारी सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा एक के बाद एक कईं बडे निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 10 अगस्त को पूरे प्रदेश में रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की लाडली बहनों को प्रतिमाह मिलने वाली 1250 रूपये की राशि के अतिरिक्त 250 रूपये की राशि रक्षा बंधन के लिए उनके बैंक खाते में अंतरित की जा रही है। जिससे वह रक्षा बंधन का त्यौहार पूरे उत्साह से मना सके। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को ग्रामवार, वार्डवार, निकायवार तथा जिलेवार कार्यक्रम के भव्य आयोजन किए जाऐंगे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अतिवृष्टि से प्रभावी हुए कृषकों एवं आमजनों को संबोधित कर कहा कि प्रदेश सरकार सदैव आपके साथ खडी है। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से हुई फसल नुकसानी का जल्द से जल्द आंकलन कर मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। वहीं क्षतिग्रस्त हुए मकानों एवं अन्य संपत्तियों के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सिवनी जिले की बहनों के स्नेह को कभी नहीं भूलूंगा-मुख्यमंत्री
मंचीय कार्यक्रम के पूर्व डॉ मोहन यादव ने सिवनी जिले की बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंची लाड़ली बहनों से राखी बंधवाई। उन्होंने कहा कि बहनों से राखी बंधवाकर अभूतपूर्व आनंद मिला जो कि कई जन्मों के पूण्य का परिणाम है। वह बहनों से मिले इस स्नेह को कभी नहीं भूल पाऐंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जल्द सिवनी आकर मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण कर विकास की अन्य सौगातें देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, विधायक सिवनी दिनेश राय, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, पूर्व विधायक राकेश पाल,पूर्व विधायक श्रीमती नीता पटेरिया, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री वैभव पवार, भाजपा जिला आलोक दुबे, सुजीत जैन सहित अन्य क्षेत्री जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।





