सत्य व अहिंसा के पुजारी बापू को कांग्रेसजन ने किया नमन
पुष्पांजलि अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
Chhindwara 30 January 2025
छिंदवाड़ा यशो:- सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलते हुये देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने व स्वतंत्र राष्ट्र के नवनिर्माण के लिये अपना सर्वस्व त्याग देने वाले राष्ट्र्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को कांग्रेस ने शहीद दिवस के रूप में मनाया। स्थानीय गांधी चौक (फव्वारा चौक) में शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात गांधी गंज पहुंचकर कांग्रेसजन ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सत्य व अहिंसा के पुजारी बापू के व्यक्तित्व व कृतित्व पर कांग्रेस के वक्ताओं ने प्रकाश डाला।
अंग्रेजों भारत छोड़ा व स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन ने अंग्रेजों को भारतवर्ष छोडऩे पर मजबूर कर दिया। बापू ने अंग्रेजों के द्वारा बनाये गये नमक कानून को तोड़कर भारतवासियों को अंग्रेजों से लडऩे के लिये एक नया हौसला व बल दिया। उनके प्रयासों से जब देश आजाद हुआ तो अनेकों समस्यायें थीं। लोगों में जाति व वर्ण भेद की लड़ाई छिड़ चुकी थी जो ना केवल देश के लिये घातक थी अपितु हर समाज व वर्ग को बांट रही थीं। इन सामाजिक कुरीतियों को मिटाने के लिये पुन: बापू ने यात्रायें निकाली और जन-जन तक आपसी भाइचारे व प्रेम का संदेश पहुंचाया। शहीद दिवस पर कांग्रेसजन ने उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांधी चौक (फव्वारा चौक) पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पूज्य बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम व रामधुन का सामूहिक रूप से गायन किया। फव्वारा चौक के उपरांत गांधी गंज पहुंचे कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी जी की प्रतिमा का दूध से स्नान कराया।
कांग्रेस के वक्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा को सम्बोधित करते हुये कहा कि नाथूराम गोड़से नाम आतंकवादी ने आज ही के दिन बापू की हत्या की थी। नाथूराम गोड़से से ही देश में आतंकवाद की शुरुआत हुई है उसने भी एक विचारधारा से प्रेरित होकर ही ऐसा कदम उठाया था और वही विचारधारा आज देश को आर्थिक रूप, सामाजिक व मानसिक रूप से खोखली कर रही है। बापू के बताये मार्ग पर चलते हुये हम एक ऐसी विचारधारा से लड़ रहे हैं जो पुन: देश को जाति और धर्म के आधार पर बांट रही है।
आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण, जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, कांग्रेस पार्षदगण, कांग्रेस सेवादल, एनएसयूआई सहित कांग्रेस के समस्त विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





