छिंदवाड़ामध्यप्रदेशहेल्थ
कमिश्नर ने सिम्स से जुड़े नवीन शैक्षिक अस्पताल का किया निरीक्षण
सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण कराएं : कमिश्नर
Chhindwara 17 February 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- जबलपुर संभाग के कमिश्नर अभय वर्मा ने छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईसेंस से जुड़े नवीन शैक्षिक अस्पताल और अन्य भवनों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह और एस.पी. श्री अजय कुमार पांडे भी उपस्थित थे। कमिश्नर श्री वर्मा ने कार्यों की प्रगति को लेकर निर्देश दिए और तय समय सीमा के भीतर कार्य को पूरा करने के भी निर्देश दिए। छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईसेंस से जुड़े नवीन शैक्षिक अस्पताल और अन्य भवनों के निर्माण कार्य की लागत 768.22 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस परियोजना के तहत 899 बेड वाला अस्पताल, शैक्षिक अस्पताल भवन और अन्य प्रावधान किए गए हैं। वर्तमान में बेसमेंट और सुपर स्ट्रक्चर के निर्माण का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और अन्य सेवाओं जैसे एसी ब्लॉक, प्लास्टर, फायर फाइटिंग एवं वातानुकूलन कार्य प्रगति पर हैं।
निरीक्षण के बाद सिम्स मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेस द्वारा गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं प्रदान किए जाने पर उसे हटाने के निर्देश दिए । इसके साथ ही हॉस्टल में रह रहे छात्रों की समस्याओं और उनकी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली गई। इस दौरान एस.डी.एम. छिन्दवाड़ा सुधीर जैन, छिन्दवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईसेंस के अधिष्ठाता अभय कुमार सिन्हा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग (भवन) नीलेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
कमिश्नर श्री वर्मा ने किया सीनियर उत्कृष्ट बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण
छिन्दवाड़ा।जबलपुर संभाग के कमिश्नर अभय वर्मा ने अपने छिंदवाड़ा दौरे के दौरान कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के साथ जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित सीनियर उत्कृष्ट बालक छात्रावास छिन्दवाड़ा का निरीक्षण किया । कमिश्नर श्री वर्मा ने छात्रावास में मौजूद सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया । इसके साथ ही कमिश्नर श्री वर्मा ने अधीक्षक को छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और उनकी शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन और शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं जिससे वे अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।





