अवकाश के दिनों में भी वसूली काऊंटर चालू रखेगा निगम
संपत्ति कर जमा नहीं करने पर कुर्क संपत्ति की बकाया राशि खसरे में दर्ज
Chhindwara 27 February 2025
छिंदवाड़ा यशो:- नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने गुरुवार को निगम सभाकक्ष में राजस्व समीक्षा की बैठक ली। वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति को एक माह का समय शेष है, जिसे देखते हुए निगमायुक्त ने होली को छोड़कर मार्च के अन्य सभी अवकाश दिनों शनिवार एवं रविवार को भी सभी जोन के वसूली काउंटर खोलने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त ने निगम के सभी मद से होने वाली आय की समीक्षा की। निगमायुक्त ने भूमि भवन किराया के देनदारो से शत प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए, बकाया राशि का भुगतान न करने वाले दुकानदारों की दुकानों में ताले लगाने के निर्देश दिए इसके साथ ही दुकान खरीदने के बाद भी प्रीमियम की राशि जमा नहीं करने पर आवंटन निरस्त करने के निर्देश बैठक में दिए। इसके साथ जलकर जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटने के निर्देश दिए।
चालू वर्ष में संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य पूरा करने हेतु नगर निगम आयुक्त सीपी राय द्वारा वार्डवार लक्ष्य के विरुद्ध वसूली की समीक्षा की। जिसमें प्रत्येक वार्ड एआरआई को 31 मार्च तक के लिए लक्ष्य दिए गए। आयुक्त ने सभी वार्ड एआरआई को नियमित रूप से वार्ड में जाकर वसूली के निर्देश दिए साथ ही बकायदारों की संपत्ति कुर्क कर रिकॉर्ड को संबंधित भू स्वामी के खसरे में दर्ज करने के निर्देश भी बैठक में दिए। बैठक में राजस्व अधिकारी साजिद खान, राजस्व प्रभारी राजकुमार पवार, वीरेंद्र मालवी, राजस्व निरीक्षक अमित सारवान, धर्मेंद्र माहोरे, शेखर पटेल, ऋषभ स्थापक एवं मनोज पवार सहित सभी वार्ड एआरआई तथा जलकर वसूलीकर्ता उपस्थित रहे।



