पहले छिंदवाड़ा के लोग मटके लेकर लाइन लगाकर खड़े रहते थे – शेषराव यादव
माचागोरा बांध बनने के बाद बहुत राहत मिली है
ये कुएं, तालाब, बांध ये सब हमारे पूर्वजों की देन है इसीलिए इनकी सुरक्षा भी हमें ही करना होगा:दीपक सक्सेना
Chhindwara 30 March 2025
छिंदवाड़ा यशो :- भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ने बेहडिय़ा गांव से जल गंगा सर्वोधन अभियान की शुरुआत की। जल गंगा संवर्धन अभियान का भूमि पूजन भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव एवं पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना द्वारा किया गया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रारंभ के अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार गांवों की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी जरूरतों को पूर करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब से कन्हरगांव बांध बना है तब से छिंदवाड़ा को पानी पीने को मिला। उन्होंने कहा कि पहले छिंदवाड़ा में भी लोग मटके लेकर लाइन लगाकर खड़े रहते थे, रात के समय अपने-अपने घर से एक बाल्टी, गुंडी लाकर रख देते थे ताकि सुबह टेंकर आएगा तो सबसे पहले पानी हमें मिलेगा, ये हालत छिंदवाड़ा की थी।
उन्होंने कहा कि कन्हरगांव योजना उस समय की बहुत बड़ी योजना थी जो 365 करोड़ की योजना थी। यह योजना विश्व बैंक से थी और इस योजना से ही छिंदवाड़ा का जीवन बदला है। उन्होंने कहा कि 2003 के पहले सिर्फ एक कन्हरगांव जलाशय बना और उसके बाद तत्कालीन सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमारे आसपास के जिले सिवनी, नरसिंगपुर, बैतूल ये जिले नर्मदा के कारण पहले से संपन्न थे और हमारा जिला बहुत दूरस्थ था और हमारे किसान बहुत परेशान थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ने कहा कि माचागोरा में जितने नदी-नाले है, नहर हैं उनमें पानी बह रहा है। लेकिन हमारे पास केवल कन्हरगांव है, अगर कन्हरगांव नहीं होता तो हम क्या करते?
इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता विजय पांडे, अलकेश साव, अजय सक्सेना, भरत घई, राकेश माइकल पहाड़े, कृपाशंकर सूर्यवंशी, अरूण गद्रे, विजेंद्र चौहान सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
जल गंगा संवर्धन अभियान क्या है?
इस अभियान के अंतर्गत नगरीय निकायों द्वारा अधिक से अधिक जन-भागीदारी के प्रयास किये जा रहे हैं। इस संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने नगर निगम, नगरपालिका परिषद और नगर परिषद को पत्र लिखकर दिशा-निर्देश भी जारी किये हैं।





