आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की रेड, रिटायर्ड पीडब्ल्यूडी अधिकारी के ठिकाने पर दबिश
रिटायर्ड PWD SDO महेंद्र नागवंशी गिरफ्तार, 5.47 करोड़ की संपत्ति उजागर
EOW रेड छिंदवाड़ा 2026 : रिटायर्ड अधिकारी के ठिकाने पर बड़ी कार्रवाई
Chhindwara 16 April 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में गुरुवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के रिटायर्ड एसडीओ महेंद्र नागवंशी के घर सहित अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में आय से अधिक करोड़ों की संपत्ति मिलने के बाद EOW ने नागवंशी को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत सही पाई गई, दर्ज हुआ मामला
सूत्रों के अनुसार नागवंशी के खिलाफ भ्रष्टाचार कर अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की गई थी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद EOW ने मामला दर्ज कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
EOW ने इस कार्रवाई के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया, जिन्होंने एक साथ परासिया रोड स्थित नागवंशी के निवास और एक आटा मिल पर छापा मारा। सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई कई घंटों तक चली।
छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
जांच के दौरान नागवंशी के पास से चौंकाने वाली संपत्तियां सामने आईं। उनके घर से करीब 91,500 रुपए नकद, 24 लाख रुपए के घरेलू सामान, 20 लाख रुपए की 20 बीमा पॉलिसियां, 187 ग्राम सोने के जेवर (करीब 9 लाख रुपए) एवं 1 किलो चांदी (करीब 1.50 लाख रुपए) बरामद की गई।
इसके अलावा करीब 13 लाख रुपए की एक दुकान, 20 लाख रुपए कीमत की 3 फोर व्हीलर और 2 लाख रुपए कीमत की 3 टू व्हीलर भी जांच में सामने आए हैं।
बैंक खाते और जमीन की जानकारी
जांच में यह भी सामने आया कि महेंद्र नागवंशी के नाम 8, उनकी पत्नी सीमा सोमवंशी के नाम 10 और बेटे ऋत्विक के नाम 3 बैंक खाते हैं, जिनमें 30 लाख रुपए से अधिक राशि जमा है।
इसके अलावा आरोपी ने करीब 25 एकड़ कृषि भूमि भी खरीदी है, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 76 लाख रुपए आंकी गई है।
आटा मिल और अन्य संपत्ति
टीम द्वारा जांच की गई आटा मिल की कीमत करीब 2 करोड़ 50 हजार रुपए बताई जा रही है। कुल मिलाकर EOW ने नागवंशी के पास से 5 करोड़ 47 लाख रुपए की अनुपातहीन संपत्ति उजागर की है।
जांच अभी जारी
EOW अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अभी समाप्त नहीं हुई है। आगे और संपत्तियों के सामने आने की संभावना है। टीम नागवंशी और उनके परिजनों के वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।





