प्रधानमंत्री ने छिंदवाड़ा राजाखोह की महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे महुआ की कुकीज की प्रशंसा की
मन की बात कार्यक्रम में किया उल्लेख
Chhindwara 30 March 2025
छिंदवाड़ा यशो :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आकाशवाणी पर प्रस्तुत मन की बात के 120 वे एपिसोड कार्यक्रम को संपूर्ण देश में सुना और देखा गया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छिंदवाड़ा के दूरस्थ ग्राम राजाखोह में समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे महुआ की कुकीज का जिक्र करते हुए महिलाओं के जज्बे की तारीफ की। विदित हो कि सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा विगत दिनों दिल्ली की संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्हें आदिवासी बहनों द्वारा तैयार महुआ की कुकीज और लड्डू भेंट करते हुए इसकी विशेषताओं से उन्हें अवगत कराया था। रविवार 30 मार्च को आकाशवाणी में प्रसारित मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी महुआ की कुकीज का जिक्र किया।
सांसद ने प्रधानमंत्री का माना आभार
रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में छिंदवाड़ा का जिक्र करने पर सांसद बंटी विवेक साहू ने उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आदिवासी क्षेत्र की स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे महुए की कुकीज की चर्चा की और महिलाओं के हौसलों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री श्री मोदी की मंशा के अनुरूप आज देश की महिलाएं अपने हुनरों के माध्यम से लखपति बन रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का सपना है कि देश की महिलाएं लखपति बने, इसी कड़ी में छिंदवाड़ा की आदिवासी अचंल की महिलाएं स्वसहायता समूह के माध्यम से लखपति बन रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम को रविवार को एम.एल.बी. स्कूल में आयोजित विक्रमोत्सव कार्यक्रम के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, महापौर विक्रम अहके, मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, सौरभ ठाकुर, श्रीमती लीला बिजोलिया, नगर निगम सभापति बलराम साहू, राहुल उईके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों अधिकारियों व आमजनों ने सुना और देखा।
एक राष्ट्र एक चुनाव, चुनाव सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम – मीना बिसेन



