अधिकारी – कर्मचारी की लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाही – कलेक्टर
मुख्यमंत्री समाधान ऑनलाइन की तर्ज पर जिले में भी होगा समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम
हितग्राहीमूलक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में गति लाने कलेक्टर की पहल
Chhindwara 07 April 2025
छिंदवाड़ा यशो:- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने इन सभी प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम के.सी.बोपचे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी और डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल व आर.के.मेहरा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में एसडीएम सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े थे।
सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लें अधिकारी
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में कहा कि सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त हितग्राहीमूलक शिकायतें सीधे आमजन की समस्याओं से जुड़ी होती हैं, अत: इन्हें प्राथमिकता से हल किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी स्वयं शिकायतें पढ़ें, जवाब को गंभीरता से तैयार करें और संतोषजनक निराकरण करें। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक जवाब देने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए और सभी जवाब तथ्यों पर आधारित हों। कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी कहा कि जिन प्रकरणों का समय-सीमा में समाधान नहीं होगा, वहां संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री समाधान ऑनलाइन की तर्ज पर जिले में भी होगा कार्यक्रम
हितग्राहीमूलक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में गति लाने के उद्देश्य से बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में भी माह में 2 बार समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे ‘समाधान ऑनलाइनÓ कार्यक्रम की तर्ज पर जिले में भी यह कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। प्रत्येक माह के पहले सोमवार और तीसरे सोमवार को समाधान ऑनलाइन आयोजित होगा, जिसमें प्रत्येक विभाग से 2-2 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का रैंडम चयन किया जाएगा और संबंधित हितग्राही को भी वीडियो कॉन्फ्रेंस से जोड़ा जाएगा। इस पहल से जिले के पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा और उन्हें योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सकेगा । इन चयनित शिकायतों के निराकरण में जिस भी अधिकारी, कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, उस पर निश्चित तौर पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को इसके लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश –
समग्र हितग्राहियों की योजनाओं से जुड़ी ई-केवाईसी प्रक्रिया की भी समीक्षा बैठक में की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम, सभी नगर पालिका और जनपद पंचायतों को निर्देशित किया कि सभी नागरिकों की ई-केवायसी का कार्य किया जाना है, जिनकी भी ई-केवाईसी लंबित है, उसे शीघ्र पूरा कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्य की निगरानी स्वयं मुख्य सचिव द्वारा की जा रही है, अत: इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
राजस्व वसूली में उत्कृष्ट कार्य
गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में राजस्व वसूली में बेहतर कार्य हुआ है, जिसके लिए कलेक्टर श्री सिंह ने शाखा प्रभारी डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा और सभी तहसीलदारों के प्रयासों की सराहना करते हुए बधाई दी। वित्तीय वर्ष 2024-25 में छिन्दवाड़ा जिले में 31 मार्च 2025 की स्थिति में कुल राजस्व वसूली 21 करोड़ लक्ष्य के विरूद्व 16 करोड़ प्राप्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार लगातार कार्य करते हुए चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शुरुआत से ही प्रयास करें।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण शीघ्र भेजें
बैठक में फरवरी और मार्च माह में सेवानिवृत्त हुए शासकीय कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी पेंशन संबंधी दस्तावेज तत्काल पेंशन कार्यालय भेजे जाएं ताकि पीपीओ शीघ्र जारी किया जा सके और हितग्राहियों को समय पर पेंशन का लाभ मिले।





