ई.व्ही.एम. पर भड़के कमलनाथ, कहा जापान अमेरिका में नहीं पर भारत में है
पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाया जाएगा
चार दिवसीय दौरे पर छिन्दवाड़ा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ
Chhindwara 11 April 2025
छिंदवाड़ा यशो:- मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ चार दिवसीय दौरे पर छिन्दवाड़ा पहुंचे।
ईमलीखेड़ा हवाईपट्?टी पर उपस्थित मीडियाकर्मियों के प्रश्नों के प्रत्युत्तर में माननीय कमलनाथ जी ने अहमदाबाद में सम्पन्न हुए कांग्रेस के अधिवेशन के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी संगठन को सशक्त करना ही प्रमुख विषय था जिस चर्चा की गई। इस वर्ष संगठन को शक्ति देने पर ही कार्य किया जावेगा जिसमें पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता व पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई है। कांग्रेस का कार्यकर्ता आज भी गांव-गांव व बूथ स्तर पर भी पूरी मजबूती के साथ उपस्थिति है। पार्टी को नए स्वरूप व नई ऊर्जा के साथ जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। कांग्रेस अपनी विचारधारा को गांव-गांव से होकर बूथ स्तर तक लेकर जाएगी। देशहित में कांग्रेस नेताओं का बलिदान, समर्पण व श्रम की गाथा आमजन को सुनाई जाएगी। मतदाताओं को पार्टी से जोडऩे का कार्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्तागण एकजुट होकर करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे ही अन्य संगठनात्मक विषयों पर अहमदाबाद अधिवेशन में चर्चा हुई।
ईवीएम मशीन पर नाथ ने उठाए सवाल:-
कमलनाथ जी ने मीडिया से चर्चा में ईवीएम मशीन पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया के विकसित देशों में ईवीएम से चुनाव नहीं होते, जबकि वे भी ईवीएम का उपयोग कर सकते हैं, किन्तु नहीं करते इसके पीछे बड़ा कारण है जो कि सार्वजनिक रूप से स्पष्ट है और इस पर मैंने अनेकों दफा सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका व जापान जैसे विकसित देशों में ईवीएम का इस्तेमाल नहीं करते, क्योंकि इन देशों को पता है कि ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ बड़ी ही आसानी से की जा सकती है। इसीलिए वे ईवीएम से चुनाव नहीं कराते।
ईमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, परासिया विधायक सोहन वाल्मिक, जामई विधायक सुनील उइके, चौरई विधायक सुजीत चौधरी, निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, शहर अध्यक्ष पप्पू यादव सहित जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, शहर महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल, कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ, किसान कांग्रेस, कांग्रेस के पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्तागण व आमजन उपस्थित रहे।




