Chhindwara 18 July 2025
छिंदवाड़ा यशो:-जिले के चौरई जनपद में निर्माण कार्य के पूर्णता प्रमाण पत्र देने के एवज में रिश्वत मांगना दो अधिकारियों को भारी पड़ गया। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उपयंत्री नीरज डेहरिया और ग्राम रोजगार सहायक आशीष शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- दो मासूमों की निर्मम हत्या: रिश्तेदार ने साइकिल दिलाने का बहाना कर जंगल में ले जाकर चाकू से रेत दिए गले
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के चौरई में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उपयंत्री और ग्राम रोजगार सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी में नीरज डेहरिया, पिता जी.एल. डेहरिया—उपयंत्री, जनपद पंचायत चौरई— रिश्वत राशि रू. 25,000,आशीष शर्मा, पिता विजय शर्मा ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत खिरखिरी— रिश्वत राशि रू.5,000 शामिल है।
जानकारी के अनुसार लालजी सोलंकी, निवासी ग्राम खिरखिरी, तहसील चौरई ने 15 जुलाई 2025 को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी भाभी आरती वर्मा, ग्राम पंचायत खिरखिरी की सरपंच हैं। पंचायत के तहत हुए नाली व सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण और पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में उपयंत्री नीरज डेहरिया ने 50,000 और ग्राम रोजगार सहायक आशीष शर्मा ने 15,000 की रिश्वत की मांग की थी। प्रार्थी ने अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़वाने की मंशा जाहिर की, जिसके बाद शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सत्य पाए गए। स्पष्ट हुआ कि बिना रिश्वत लिए संबंधित अधिकारी अपने शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर रहे थे।
शिकायत सही पाए जाने के बाद, 18 जुलाई को EOW की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चौरई कस्बे में एक ही स्थान पर रिश्वत की पहली किश्त लेते हुए पकड़ लिया। नीरज डेहरिया को 25,000 और आशीष शर्मा को 5,000 की नकद रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में शामिल ट्रैप दल में मनजीत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक प्रेरणा पाण्डेय, निरीक्षक मोमेन्द्र कुमार मर्सकोले, निरीक्षक आरक्षक सगीर खान (चालक), आरक्षक सुमित पाण्डेय , ए.व्ही. सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भूमेश्वरी चौहान, निरीक्षकप्र0आर0 कयूम खान (चालक), आरक्षक सुमित रजक,महिला आरक्षक जसलीन कौर शामिल थे।




