युवक की संदिग्ध मौत: फांसी पर मिला शव, परिजनों ने प्रताड़ना का आरोप लगाकर किया चक्काजाम
पलारी में 24 वर्षीय घनश्याम डेहरिया की मौत से आक्रोश, आवेद खान पर लगाए गंभीर आरोप; पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
सिवनी पलारी में युवक की संदिग्ध मौत, फांसी पर मिला शव; परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
Seoni 02 August 2026
सिवनी यशो:- जिले के पलारी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलारी में रविवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक आवेद खान पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाते हुए पलारी-धनोरा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

घर के कमरे में मिला युवक का शव
मृतक की पहचान पलारी निवासी बिट्टी उर्फ घनश्याम डेहरिया (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह परिजनों ने घर के कमरे में घनश्याम को फांसी के फंदे पर लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने लगाए प्रताड़ना और मारपीट के आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले घनश्याम का गांव के ही आवेद खान से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई थी। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद से युवक मानसिक तनाव में था और लगातार प्रताड़ना के कारण उसने यह कदम उठाया।
परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए रविवार दोपहर करीब 1 बजे पलारी-धनोरा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पलारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी संजय दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत फांसी लगाने से हुई है। परिजनों ने गांव के एक युवक पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों के बीच एक दिन पहले विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका वास्तविक कारण जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा।
आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
चक्काजाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब विवाद, कथित मारपीट और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :-
ऑपरेशन: कॉम्बिंग गश्त में 142 वारंटी गिरफ्तार, अपराधियों पर कसा शिकंजा
नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो: सीएम डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को दिलाया नशामुक्त भारत का संकल्प
मैकेनिक बनकर पहुंची पुलिस, ठगों को भनक तक नहीं लगी और 78 लाख की ठगी करने वाले दबोचे


