पेंच टाइगर रिज़र्व में दिखा दुर्लभ ब्लैक पैंथर
सफारी के दौरान पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया रोमांचक नज़ारा

सिवनी यशो:- पेंच Tiger Reserve। शनिवार की सुबह पेंच टाइगर रिज़र्व में सफारी पर निकले पर्यटकों को वन्यजीवन का रोमांचक और अत्यंत दुर्लभ दृश्य देखने को मिला। सफारी के दौरान अचानक एक ब्लैक पैंथर जंगल के बीच नजर आया। पर्यटकों ने इस दुर्लभ क्षण को तुरंत अपने कैमरों में कैद कर लिया। घटना का वीडियो रविवार को सामने आया है।
सफारी वाहन के बेहद पास दिखा ब्लैक पैंथर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ब्लैक पैंथर अचानक सफारी वाहन के पास दिखाई दिया और कुछ ही क्षणों में झाड़ियों के बीच होते हुए घने जंगल की ओर निकल गया। उसकी तेज़ चाल और चमकदार काली खाल को देखकर पर्यटक उत्साह और रोमांच से भर उठे।
दुर्लभ प्रजाति की झलक मिलना किसी सौभाग्य से कम नहीं
ब्लैक पैंथर का दिखना अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। यह सामान्यतः छिपकर रहने वाला जानवर है, इसलिए बहुत कम लोग ही इसे खुले में देख पाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसे प्रसिद्ध कहानी ‘द जंगल बुक’ में मोगली के साथी पात्रों में से एक के रूप में भी जाना जाता है।
पेंच रिज़र्व – जैव विविधता से समृद्ध क्षेत्र
पेंच नेशनल पार्क बाघ, तेंदुआ, भेड़िया और जंगली बिल्ली जैसे प्रमुख शिकारी जानवरों का सुरक्षित निवास स्थान है। इसके अलावा यहां चीतल, सांभर, गौर, जंगली सूअर, नीलगाय तथा चार सींगों वाला मृग जैसे अनेक शाकाहारी वन्यजीव बड़ी संख्या में पाए जाते हैं।
वन विभाग के अनुसार पार्क में 200 से अधिक प्रजातियों के पक्षी मौजूद हैं, जिनमें मोर विशेष रूप से उल्लेखनीय है। यही कारण है कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक हर वर्ष पेंच राष्ट्रीय उद्यान पहुंचते हैं और बाघ सहित विभिन्न वन्यप्राणियों को नज़दीक से देखने का अवसर प्राप्त करते हैं।





