क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

खंडहर मकान में शराब का जखीरा! 42 पेटी, 362 लीटर माल जब्त; 02 अक्टूबर से पहले कोतवाली पुलिस का बड़ा वार

चार दिन में अवैध शराब पर तीसरी बड़ी कार्रवाई, त्योहारों में महंगे दाम पर बेचने की थी तैयारी

सिवनी में 42 पेटी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार | कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Seoni 24 September 2026
सिवनी यशो:-  अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सिवनी कोतवाली पुलिस ने लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 362 लीटर देशी-अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 71 हजार 280 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब को अलग-अलग दुकानों से एकत्र कर आगामी 02 अक्टूबर और त्योहारों के दौरान ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से खंडहर मकान में छिपाकर रखा था।

पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी (भापुसे) के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने 23 सितंबर की रात यह कार्रवाई की।

खंडहर मकान में छिपाकर रखी थी शराब

पुलिस के अनुसार 23 सितंबर की रात पुलिस टीम शहर में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंज वार्ड में रेलवे लाइन के किनारे स्थित एक खंडहर मकान में बिक्री के लिए भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी कोतवाली ने पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मकान के बाहर खड़ा एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम अमन राय पिता रविन्द्र राय, उम्र 26 वर्ष, निवासी खेड़ापति मंदिर के पास, मंगलीपेठ, सिवनी बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उक्त मकान अचल कुचबंदिया का है और पिछले 5-6 वर्षों से खंडहर पड़ा हुआ है।

42 पेटियों में मिली 362 लीटर शराब

पुलिस द्वारा संदेही से मकान खुलवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कमरे में खाकी कार्टूनों में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार बरामद शराब में—

  • 33 पेटी सफेद देशी प्लेन शराब
  • 7 पेटी देशी मसाला शराब के क्वार्टर
  • 1 कार्टून में 48 नग मैकडॉवेल नंबर-1 रम — 8.64 लीटर
  • 1 कार्टून में 12 नग ओल्ड मोंक रम 750 एमएल — 9 लीटर

शामिल है।

कुल मिलाकर पुलिस ने 362 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत करीब 1,71,280 रुपये बताई गई है, जब्त की।

दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पुलिस के अनुसार शराब के संबंध में आरोपी से वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

त्योहारों में महंगे दाम पर बेचने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अलग-अलग शराब दुकानों से शराब एकत्रित की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी इसे 02 अक्टूबर तथा आगामी त्योहारों के दौरान ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में था।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब शराब के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

आरोपी पर पहले से 7 मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमन राय के विरुद्ध पूर्व से आबकारी एक्ट के 2 और जुआ एक्ट के 3 सहित कुल 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

चार दिन में तीसरी बड़ी कार्रवाई

कोतवाली पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई चार दिनों के भीतर अवैध शराब के विरुद्ध तीसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में पुलिस का दबाव बढ़ने की बात कही जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक जयशंकर उइके, सहायक उपनिरीक्षक जसवंत ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनोज पाल, मनोज मरावी, सुधीर डहेरिया, प्रदीप चौधरी, विसराम धुर्वे, आरक्षक चेतन शर्मा, पारस तुरकर, सीताराम जावरे, प्रतीक बघेल, महिला प्रधान आरक्षक निशा वर्मा एवं महिला आरक्षक ममता गजभिये की भूमिका रही।

यह भी पढ़े :-

केवलारी में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई: 14 आवेदनों पर अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

ऊर्जा के क्षेत्र में बड़े बदलाव की तैयारी, CM मोहन यादव ने कार्यशाला का किया शुभारंभ

FCI की सख्ती से चावल मिलरों में मचा हड़कंप, घटिया गुणवत्ता के एक दर्जन से ज्यादा लॉट रिजेक्ट!

कोर्ट के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी: छिंदवाड़ा SP के खिलाफ गैर-जमानती वारंट

https://www.facebook.com/share/r/1Ji88Y6pL6/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!