04 जनवरी को सिवनी में होगा भव्य मातृशक्ति पथ संचलन, प्रमुख संचालिका शांताक्का जी रहेंगी उपस्थित
ध्वज के नेतृत्व में घोष के साथ निकलेगी राष्ट्रसेविका समिति की मातृशक्ति
Seoni 02 January 2026
सिवनी यशो:-ध्वज के नेतृत्व में सम्पूर्ण गणवेश धारण कर घोष के साथ कदमताल मिलाते हुए राष्ट्रसेविका समिति की मातृशक्ति द्वारा भव्य नगर पथ संचलन आयोजित किया जा रहा है। यह पथ संचलन मिशन शाला प्रांगण से प्रारंभ होगा।
रविवार 04 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले इस मातृशक्ति पथ संचलन कार्यक्रम के लिए राष्ट्रसेविका समिति की गणवेशधारी सेविकाओं का एकत्रितकरण दोपहर 03 बजे बड़े मिशन स्कूल के भव्य प्रांगण में किया जाएगा।
बौद्धिक कार्यक्रम में प्रमुख संचालिका की विशेष उपस्थिति
एकत्रितकरण के पश्चात मिशन स्कूल प्रांगण में बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें राष्ट्रसेविका समिति महिला संगठन की प्रमुख संचालिका माननीय शांताक्का जी की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उनका मार्गदर्शन सेविकाओं एवं उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रसेवा एवं मातृशक्ति की भूमिका पर प्रेरित करेगा।
शाम 4 बजे होगा पथ संचलन का शुभारंभ
पथ संचलन का शुभारंभ मिशन स्कूल प्रांगण से शाम 04 बजे किया जाएगा। यह संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा।
- गणेश चौक
- बरघाट रोड
- टैगोर वार्ड (न्यायाधीश आवासीय कार्यालय के सामने)
- काली चौक
- राम मंदिर, शुक्रवारी चौराहा
- नेहरू रोड, नगरपालिका कार्यालय के सामने
- लक्ष्मीनारायण मंदिर, बस स्टैंड
- दल सागर चौपाटी के सामने
- गांधी भवन से होते हुए पुनः मिशन प्रांगण
पथ संचलन का समापन मिशन स्कूल प्रांगण में वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ होगा।
जिले के लिए गौरव का अवसर
यह सिवनी जिले का सौभाग्य है कि-
यह मातृशक्ति पथ संचलन राष्ट्रसेविका समिति (आरएसएस) की महिला प्रमुख की विशेष उपस्थिति में आयोजित हो रहा है।
आयोजन समिति ने समाज के सभी बंधुओं एवं भगिनियों से अपील की है कि –
वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और इस राष्ट्रप्रेरक कार्यक्रम के साक्षी बनें।





