वाटर कूलर में तैरते नजर आए मृत जीव ,वीडियो हुआ वायरल
सिवनी 14 मई 2023
घंसौर यशो:- टे्रन यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ देने के लिये रेल मंत्रालय और रेल विभाग बड़े बड़े दावे करता है और स्वच्छता का ढिंढोरा पीटा जाता है परंतु रेल्वे स्टेशनों से जो सच्चाई निकलकर सामने आ रही है वह मानव स्वास्थ्य के लिये कितनी खतरनाक है यह जानकार आप चौंक जायेंगे । सिवनी जिले के घंसौर रेल्वे स्टेशन का जो वीडिओ वायरल हुआ है वह आम आदमी को सावधान रहने के लिये संकेत करता है और स्वच्छ पेयजल के लिये अपने साथ स्वयं पानी लेकर चलने के लिये संदेश भी देता है ।
यहाँ बता दे कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जबलपुर-नैनपुर रेलखंड के मध्य में स्थित घंसौर रेलवे स्टेशन यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन में यात्रियों को पीने के लिए शुद्ध पेयजल भी उपलब्ध नहीं है, जो वॉटर कालूर यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए स्टेशन परिसर में लगाये गये है उनके पानी स्टोरेज टेक में मरे हुए जीव तैरने का वीडियों सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
उक्त वीडियो वायरल होने के बाद जहाँ यात्रियों ने रेलवे को खरी खोटी सुनाई तो दूसरी ओर सवाल भी खड़े किए हैं कि रेलवे द्वारा सुविधाओं के नाम पर यात्रियों से मनमाना किराया लिया जा रहा है और सुविधाओं के दावे किये जाते है परंतु सुविधाओं के नाम पर यात्रियों को गन्दा पानी पिलाया जा रहा है। लोगों का कहना है घंसौर से यात्रा करने वाले जिन यात्रियों ने उक्त वीडियो को देखा है वे तो सावधानी बरतेंगे, मगर उन यात्रियों का क्या जो प्रतिदिन यात्रा के दौरान उक्त पानी का उपयोग करते हैं क्या रेलवे उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रही है नगर के जागरूक नागरिकों ने इस विषय में रेलवे के उच्च अधिकारियों से संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है ।





