शिकायत के बाद SDO और उपयंत्री ने मौके पर पहुंचकर रोका काम
मानकों के अनुसार दोबारा निर्माण करने के दिए निर्देश
पुसेरा सड़क निर्माण घोटाला – error exposed
Seoni 13 April 2026
सिवनी यशो:- जनपद पंचायत सिवनी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पुसेरा में चल रहे निर्माण कार्य पर समाचार प्रकाशन के बाद प्रशासन हरकत में आया।
एसडीओ एवं उपयंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया और मौके पर मिली डस्ट को हटवा दिया।
साथ ही निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत को नियमानुसार निर्धारित मापदंड के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि जो निर्माण कार्य अब तक किया जा चुका है, उसे भी संबंधित एजेंसी अपने स्वयं के व्यय पर अलग कर पुनः मानकों के अनुरूप तैयार करे।
यह भी पढ़े :- सिवनी में 5.25 करोड़ के अटल सुशासन भवन की आधारशिला, मंत्री प्रहलाद पटेल ने किया भूमिपूजन
स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश
यहां उल्लेखनीय है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर ही पुसेरा सड़क निर्माण घोटाला के संबंध में समाचार प्रकाशित किया गया था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांव में 160 मीटर की सीसी रोड का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। स्थिति ऐसी प्रतीत हो रही थी मानो निर्माण कार्य में सब इंजीनियर एवं पंचायत के बीच मिलीभगत से पुसेरा सड़क निर्माण घोटाला में बंदरबांट की जा रही हो।
यह भी पढ़े :– पुसेरा में सीसी रोड घोटाले की बू: 160 मीटर बनाम 122 मीटर का खेल, घटिया निर्माण पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
निर्माण में सामने आई गंभीर खामियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान 20 एमएम मोटाई की सड़क में आवश्यक गिट्टी नहीं डाली जा रही थी और रेत के स्थान पर डस्ट का उपयोग किया जा रहा था।
इसके साथ ही सड़क के किनारों पर शोल्डर भी नहीं बनाए जा रहे थे, जिससे सड़क के कम समय में ही जर्जर होने की आशंका बढ़ गई थी।
पुसेरा सड़क निर्माण घोटाला संबंध में सचिव दिनेश का कहना है कि निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही किया जा रहा है।
लंबाई और लागत को लेकर भी विरोधाभास
मामले में एक और बड़ा विरोधाभास सामने आया है। पंचायत सचिव के अनुसार सड़क की लंबाई 122 मीटर बताई गई है, जबकि संबंधित यंत्री इसी सड़क की लंबाई 160 मीटर बता रहे हैं।
वहीं लागत को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सचिव के अनुसार यह सड़क 15वें वित्त से 3.50 लाख रुपये में बनाई जा रही है, जबकि निर्माण कार्य में संलग्न उपयंत्री ने इसकी लागत की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।
अधिकारी का बयान
“ पुसेरा सड़क निर्माण घोटाला समाचार से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुसेरा ग्राम पंचायत पहुंचकर एसडीओ के साथ स्थल निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य घटिया गुणवत्ता का पाया गया, जिसे तत्काल रुकवा दिया गया है। जो निर्माण कार्य किया जा चुका है, उसे निर्धारित मापदंडों के अनुसार पुनः करने के निर्देश दिए गए हैं।”
– दुर्गेश सूर्यवंशी, उपयंत्री, जनपद पंचायत सिवनी





