छिंदवाड़ा में रेल सुविधाओं को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू सक्रिय, GM से मुलाकात में रखीं बड़ी मांगें
लिफ्ट-एस्केलेटर से लेकर नई रेल लाइन और ट्रेनों के विस्तार तक उठाए मुद्दे
छिंदवाड़ा रेलवे समाचार – सांसद ने GM से की सीधी बात, रेल सुविधाओं की बड़ी मांग


छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर GM से मुलाकात करते सांसद बंटी विवेक साहू और अन्य अधिकारी
छिंदवाड़ा यशो :- रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर लगातार सक्रिय रहने वाले सांसद बंटी विवेक साहू ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए सुविधाओं में सुधार के लिए मांगपत्र सौंपा।
सांसद साहू ने गतिशक्ति योजना के तहत चल रहे रेलवे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों के साथ मौके पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में रेल सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।
स्टेशन विकास कार्यों का लिया जायजा
उल्लेखनीय है कि सांसद के प्रयासों से छिंदवाड़ा सहित कई रेलवे स्टेशनों को गतिशक्ति योजना में शामिल किया गया है। शुक्रवार को रेलवे महाप्रबंधक, डीआरएम एवं अन्य अधिकारी इन कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान सांसद ने यात्रियों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।
सांसद ने रखीं ये प्रमुख मांगें
- छिंदवाड़ा स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज में लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जाएं
- चौरई में अंडरब्रिज का निर्माण किया जाए
- छिंदवाड़ा में पिट लाइन निर्माण किया जाए
- नई रेलवे लाइन की स्वीकृति और दोहरीकरण (डबल लाइन) किया जाए
- नरसिंहपुर रोड की ओर ओवरब्रिज निर्माण किया जाए
- चित्रकूट एक्सप्रेस और टाटानगर एक्सप्रेस को छिंदवाड़ा तक बढ़ाया जाए
- नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस का चौरई में स्टॉपेज दिया जाए
- चारफाटक में अंडरब्रिज बनाया जाए
- पेंचवेली और पातालकोट ट्रेन में AC कोच बढ़ाए जाएं
- रेलवे क्वार्टर का रिनोवेशन किया जाए
- स्टेशन पर यात्रियों के लिए बैटरी कार सेवा शुरू की जाए
कौन-कौन रहे मौजूद
इस दौरान डीआरएम दीपक गुप्ता, जेडआरयूसीसी सदस्य सत्येन्द्र ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर, अंकुर शुक्ला, नवीन बारस्कर, लीना बिजौलिया, जागेन्द्र अल्डक, मोना चौधरी सहित रेलवे और भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।





