जबलपुर क्रूज हादसा: मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख सहायता
त्वरित राहत और युद्धस्तर पर रेस्क्यू
मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित निर्देश
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही संभाग प्रभारी अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के आदेश दिए गए हैं।
मृतकों को 4-4 लाख की सहायता
राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 15 लोगों को बचाया गया
प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान
हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
- नीतू सोनी (43) – निवासी कोतवाली
- मधुर मसीह (62) – निवासी दिल्ली कैंट
- सौभाग्य अलगन (42) – निवासी खमरिया
- तमिल (5)
तेज आंधी-तूफान बना हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम तेज हवाओं (करीब 40 किमी/घंटा) के कारण क्रूज असंतुलित होकर डूब गया। अचानक मौसम बिगड़ने से यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
लाइफ जैकेट से बचीं कई जानें
क्रूज में मौजूद लाइफ सेविंग जैकेट के कारण कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी। यह राहत कार्य में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
सेना की मदद से जारी बचाव कार्य
अंधेरा और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू में कठिनाई आई, जिसके बाद देर रात सेना को भी बुलाया गया। एसडीआरएफ, पुलिस और सेना की संयुक्त टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
नर्मदा नदी पर बना प्रमुख बांध
बरगी बांध नर्मदा नदी पर बना मध्यप्रदेश का प्रमुख बांध है, जो सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और पर्यटन गतिविधियों के लिए जाना जाता है।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू फोर्स पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जाएगी।





