मध्यप्रदेशसिवनी

23 मई तक स्लॉट बुक कराने वाले किसानों से 28 मई तक खरीदेगी सरकार गेहूं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की घोषणा, कहा — किसान कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

भोपाल यशो :- गेहूं उपार्जन के लिए जिन किसानों के स्लॉट 23 मई तक बुक हो चुके हैं, उनके लिए मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब सरकार ऐसे किसानों का गेहूं 28 मई तक खरीदेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 मई को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

स्लॉट बुकिंग के बावजूद खरीदी में आ रही थीं समस्याएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि किसान कल्याण वर्ष में सरकार लगातार किसान हितैषी निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष मध्यप्रदेश में लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, जबकि इस वर्ष 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य हासिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य में 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। गेहूं खरीदी की अंतिम तारीख 23 मई निर्धारित थी, लेकिन किसानों ने बताया कि स्लॉट बुक होने के बावजूद लंबी लाइन और व्यवस्थागत कारणों से खरीदी में दिक्कतें आ रही हैं।

“जिन किसानों के स्लॉट बुक हैं, उन सभी से खरीदा जाएगा गेहूं”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों के स्लॉट पहले से बुक हो चुके हैं, उन सभी किसानों से सरकार गेहूं खरीदेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए खरीदी की अंतिम तारीख 23 मई से बढ़ाकर 28 मई तक कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सर्वाधिक किसानों से गेहूं खरीदी मध्यप्रदेश में की गई है और सरकार किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देना चाहती।

वैश्विक चुनौतियों के बीच भी बढ़ाई भंडारण क्षमता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा — चारों वर्गों की चिंता कर रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच गेहूं भंडारण, बारदाना उपलब्ध कराना, परिवहन और मौसम जैसी चुनौतियां सामने हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने भंडारण क्षमता बढ़ाई है और खरीदी कार्य को सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।

किसानों को मिलेगा 2625 रुपये प्रति क्विंटल का दाम

मुख्यमंत्री ने किसानों से चिंता न करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार स्लॉट बुकिंग वाले सभी किसानों का गेहूं खरीदेगी और खरीदी केंद्रों पर किसानों को 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!