पटवा लखेरा समाज ने वार्षिक सम्मेलन में किया प्रतिभावान छात्रों का सम्मान

पटवा लखेरा समाज सम्मेलन सिवनी – प्रतिभावान छात्र सम्मानित, सात दिवसीय भागवत कथा का हुआ समापन
Seoni 28 May 2026
सिवनी यशो:- जीवनदायिनी वैनगंगा नदी के उद्गम स्थल मुंडारा-परतापुर स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर में पटवा लखेरा समाज द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, सामाजिक वार्षिक सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य समापन हुआ। कथा की पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाजजनों ने सहभागिता की।
संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कथा व्यास पंडित महेंद्र मिश्र ने किया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिकता से जुड़ी प्रेरणादायी कथाओं का रसपान किया।
कार्यक्रम में फग्गन सिंह कुलस्ते तथा कमल मर्सकोले विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने व्यासपीठ का आशीर्वाद प्राप्त कर समाजजनों एवं श्रद्धालुओं को संबोधित किया तथा सामाजिक एकता एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
गणेश एवं माता महागौरी पूजन से हुआ सम्मेलन का शुभारंभ
सामाजिक वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ भगवान श्री गणेश एवं माता महागौरी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम में अखिल भारतीय श्री पटवा वैश्य महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष श्रीकांत पटवा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश सुनेरी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चंद्रकांत पटवा तथा सिवनी पटवा समाज के अध्यक्ष पवन पटवा सहित राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
सम्मेलन के दौरान समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रतिवर्ष की भांति कक्षा पहली से बारहवीं तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षा, सामाजिक सेवा, व्यवसाय, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले समाजजनों को भी सम्मानित किया गया।
अन्य जिलों एवं प्रदेशों से आए पदाधिकारियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सहयोगियों के प्रति व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजक समिति, श्री राधा कृष्ण मंदिर पटवा लखेरा समाज एवं महासभा जिला इकाई ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, दानदाताओं, महिला समिति तथा समाज बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



