यूरिया-डीएपी का अवैध भंडारण पकड़ा, कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई
छिंदवाड़ा के श्रीझोत गांव में 110 यूरिया और 10 डीएपी की बोरी जब्त
अवैध उर्वरक भंडारण छिंदवाड़ा में 110 यूरिया और 10 डीएपी बोरी जब्त
Chhindwara 06 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- Junnardeo विकासखंड के ग्राम श्रीझोत में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध उर्वरक भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 बोरी यूरिया और 10 बोरी डीएपी जब्त की है। कार्रवाई रात के समय दौलत महलवंशी के मकान पर की गई।
शिकायत मिलने पर हुई संयुक्त कार्रवाई
परासिया के अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रमोद सिंह उट्टी ने बताया कि अवैध उर्वरक भंडारण की शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान कृषि विस्तार अधिकारी ईश्वरी प्रसाद पवार, एएसआई लखनलाल, आरक्षक रामकिशोर धुर्वे एवं स्थानीय समिति प्रबंधक मनोज प्रजापति मौजूद रहे।
बंद मकान से मिला यूरिया और डीएपी का भंडारण
जांच के दौरान दौलत महलवंशी ने खुद को अनाज व्यापारी बताते हुए खाद व्यापार से इनकार किया। पूछताछ के बाद जब उसके परिवार के अन्य मकानों की तलाशी ली गई तो एक बंद पड़े मकान में यूरिया और डीएपी का भारी मात्रा में भंडारण मिला।
लाइसेंस और दस्तावेज नहीं मिले
मौके पर मिले उर्वरक के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। साथ ही आरोपी के पास उर्वरक विक्रय का कोई वैध लाइसेंस भी नहीं पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन है।
कलेक्टर और कृषि विभाग को दी जानकारी
कार्रवाई की जानकारी कलेक्टर Harendra Narayan एवं उपसंचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह को भी दे दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किया गया है।



