छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

सड़क निर्माण और मूलभूत सुविधाओं को लेकर वार्डवासियों ने सौंपा ज्ञापन

जल जीवन मिशन, बिजली व्यवस्था और पेयजल संकट पर नगर परिषद से मांगा जवाब

हर्रई मूलभूत सुविधाओं की मांग – वार्डवासियों का प्रदर्शन, सड़क और पेयजल समस्या पर सौंपा ज्ञापन

हर्रई यशो :- नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 स्थित राममंदिर-सोनी मोहल्ला एवं आसपास के रहवासियों ने सड़क निर्माण, पेयजल, बिजली व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर मुख्य नगर परिषद अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वार्डवासियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रशासनिक लापरवाही और जनसुविधाओं की अनदेखी पर गंभीर सवाल उठाए।

हर्रई नगर परिषद में ज्ञापन सौंपते वार्डवासी
हर्रई नगर परिषद में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते वार्डवासी।

रहवासियों ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले “जल जीवन मिशन” के अंतर्गत नई पाइपलाइन डाली जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लगभग 40 वर्ष पूर्व छह फीट गहराई में सीमेंट पाइपलाइन डाली गई थी, जिसकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में बिना नई पाइपलाइन व्यवस्था किए सड़क निर्माण कराए जाने पर भविष्य में दोबारा सड़क खोदने की नौबत आ सकती है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

ज्ञापन में मांग की गई कि सड़क एवं नाली निर्माण कार्य किस एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए। साथ ही निर्माण कार्य की लागत, लंबाई, चौड़ाई एवं सुरक्षा संबंधी मापदंडों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। वार्डवासियों ने स्पष्ट कहा कि यदि कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ होगा तो वे सहयोग करेंगे, अन्यथा विरोध किया जाएगा।

बिजली के खुले तारों से हादसे का खतरा

क्षेत्र में खुले बिजली तारों और जर्जर खंभों की समस्या को लेकर भी रहवासियों ने चिंता जताई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। धार्मिक आयोजन, यात्राएं और रैलियां निकलने के कारण क्षेत्र में हादसे की आशंका बनी रहती है।

रहवासियों ने मांग की कि बिजली लाइन को अंडरग्राउंड किया जाए तथा वर्ष 1977 में लगाए गए पुराने खंभों को हटाकर नए खंभे लगाए जाएं।

अतिक्रमण और अव्यवस्था हटाने की मांग

ज्ञापन में नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण और सड़क पर रखी निर्माण सामग्री पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। वार्डवासियों ने कहा कि सड़क और नाली पर रखी सामग्री से आवागमन बाधित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पेयजल संकट से लोग परेशान

भीषण गर्मी के बीच वार्डवासियों ने पेयजल संकट को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि तीन दिन में एक बार पानी सप्लाई होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि आबादी के अनुसार पर्याप्त जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और नियमित पेयजल सप्लाई दी जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जब तक जल जीवन मिशन के तहत नई पाइपलाइन नहीं डाली जाती, तब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाना चाहिए।

पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग

रहवासियों ने सड़क किनारे अनियमित रूप से खड़े वाहनों एवं ठेला-ठेलियों से यातायात प्रभावित होने की बात उठाते हुए प्रशासन से सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बनाने की मांग की।

ज्ञापन पर पूर्व पार्षद द्वारका प्रसाद गुप्ता सहित वार्ड के अनेक रहवासियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button