विकसित भारत के निर्माण में प्रबुद्धजन निभाएं परिवर्तन के सारथी की भूमिका : मोहन नागर
भाजपा के “12 साल विकास के, विश्वास के और जनकल्याण के” अभियान अंतर्गत छिंदवाड़ा में आयोजित हुआ प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन
प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन – प्रबुद्धजन निभाएं परिवर्तन के सारथी की भूमिका : मोहन नागर
Chhindwara 13 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “12 साल विकास के, विश्वास के एवं जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत शनिवार को शांतिनाथ लॉन छिंदवाड़ा में प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ चिंतक एवं समाजसेवी मोहन नागर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यापारी सुरेश अग्रवाल, डॉ. पूरन राजालानी, अनाज व्यापारी संघ अध्यक्ष प्रतीक शुक्ला, समाजसेवी श्रीमती किरण सोनी एवं श्रीमती आराधना शुक्ला के आतिथ्य में संपन्न हुआ।
“शक्तिशाली भारत ही विश्व को दिशा दे सकता है”
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि विश्व उसी राष्ट्र के विचारों को स्वीकार करता है, जो शक्तिशाली होता है। भारत का मूल दर्शन “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” रहा है, जिसका अर्थ है कि सभी का कल्याण और सभी का स्वस्थ जीवन सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि भारत के इस विचार को विश्व तभी स्वीकार करेगा, जब भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और शक्तिशाली बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों का कार्यकाल विकसित, समर्थ और आत्मविश्वासी भारत की मजबूत नींव रखने वाला कालखंड रहा है। आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी बात रख रहा है और विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रहा है।
“धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में आया सकारात्मक परिवर्तन”
मोहन नागर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद वहां शांति, विकास और पर्यटन को नई गति मिली है। देश दंगा मुक्त, समरस और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे पंच परिवर्तन के सारथी बनते हुए विकसित भारत निर्माण के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करें।
“डिजिटल इंडिया ने भारत को विश्व में अग्रणी बनाया” : आदित्य बबला शुक्ला
भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास की गंगा प्रवाहित हुई है। आज 140 करोड़ देशवासियों का विश्वास भाजपा सरकार के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ने भारत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब देश स्वदेशी रक्षा उपकरणों का निर्माण कर रहा है।
बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक नीरज भारद्वाज ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम टोली के सहसंयोजक प्रमोद शर्मा ने किया। सम्मेलन में जिले के प्रबुद्धजन, व्यापारी, उद्योगपति, चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षाविद, समाजसेवी, मातृशक्ति और युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजक टोली की सहसंयोजक श्रीमती वंदना विश्वकर्मा, वीरेंद्र मालवी, विजेंद्र चौहान, राहुल बंटी उइके, निन्ना शुक्ला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



