टाइगर के हमले में महिला की मौत, क्षेत्र में दहशत
खेत की ओर जाते समय हुआ हमला, ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग
सिवनी टाइगर हमला – महिला की मौत, बरघाट क्षेत्र में दहशत
Seoni, 14 June 2026
सिवनी यशो:- जिले के बरघाट विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मऊ के बीजा टोला में रविवार को टाइगर के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है और ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवबती मर्सकोले पति शिवचरण मर्सकोले खेत की ओर जा रही थीं, तभी अचानक वन्यजीव (टाइगर) ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़े :- चरवाहे पर बाघ का हमला, उपचार के लिये कराया अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की गतिविधियों को लेकर नाराजगी जताई और वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से लगे क्षेत्रों में आए दिन वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे खेतों में काम करने और आवागमन करने वाले लोगों में भय का वातावरण बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह भी पढ़े :-कोर एरिया में मौत, जिम्मेदार कौन? पेंच टाइगर रिजर्व में बाघ का हमला, ग्रामीण की जान गई
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



