प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने सिवनी और घंसौर में सेमिनार, 20 जून को पीएम मोदी किसानों को करेंगे संबोधित: प्रदीप राय
घंसौर में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन, किसानों को बताए गए कम लागत में अधिक उत्पादन के उपाय
प्राकृतिक खेती सेमिनार सिवनी 20 जून को, पीएम मोदी करेंगे किसानों को संबोधित: प्रदीप राय
Seoni 19 June 2026
सिवनी यशो:- जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक, टिकाऊ एवं कम लागत वाली कृषि पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को घंसौर कृषि उपज मंडी प्रांगण में प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश एवं किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कृषि वैज्ञानिकों ने बताए जीवामृत और बीजामृत के लाभ
कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। कृषि वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए जीवामृत, बीजामृत और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से खेती की लागत कम करने तथा उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय बताए।
यह भी पढ़े :- गुजरात की तर्ज पर भोपाल में बनेगी गिफ्ट सिटी, सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश
विशेषज्ञों ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ भूमि की उर्वरा शक्ति को संरक्षित रखने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्राकृतिक खेती अपनाकर बढ़ाएं लाभ: फग्गन सिंह कुलस्ते
कार्यक्रम में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवामृत और प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़े :- छिंदवाड़ा को चाहिए नई रेलों की सौगात, भोपाल-इंदौर इंटरसिटी जल्द शुरू करने की मांग
उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
20 जून को कृषि विज्ञान केंद्र सिवनी में होगा विशेष सेमिनार
भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार राय ने कहा कि प्राकृतिक खेती वर्तमान समय की आवश्यकता है। इससे खेती की लागत कम होने के साथ-साथ भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और किसानों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त होता है।
यह भी पढ़े :- मुद्रा ऋण ने बदली मोना सनोडिया की जिंदगी, आज सिवनी की अग्रणी ब्यूटीशियन के रूप में बना रहीं पहचान
उन्होंने बताया कि 20 जून 2026 को सुबह 11 बजे कृषि विज्ञान केंद्र सिवनी में प्राकृतिक खेती पर विशेष सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी किसानों को करेंगे लाइव संबोधित
सेमिनार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के किसानों को लाइव संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती, कृषि नवाचार और किसानों की आय वृद्धि से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त भी होगी जारी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त भी जारी की जाएगी। केंद्र सरकार के अनुसार इस किस्त का लाभ देश के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को मिलेगा। डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
यह भी पढ़े :-सांसद आज गांवों में लगाएंगे चौपाल, करोड़ों के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-भूमिपूजन
अधिक से अधिक किसान लें कार्यक्रम का लाभ
प्रदीप राय ने जिले के किसानों से अपील की कि वे कृषि विज्ञान केंद्र सिवनी में आयोजित सेमिनार में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन का लाभ लें।
प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाने का संदेश
घंसौर में आयोजित कार्यशाला में लखनादौन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी, सह-प्रभारी, भाजपा पदाधिकारी, किसान मोर्चा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाने तथा किसानों को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने का संदेश दिया गया।
जानकारी भाजपा किसान मोर्चा जिला सिवनी के सोशल मीडिया प्रभारी संदीप जायसवाल द्वारा प्रदान की गई।




