भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में सिवनी से नीता पटेरिया और वैभव पवार को मिली जगह
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा घोषित प्रदेश कार्यसमिति में सिवनी जिले को प्रतिनिधित्व मिला है। जारी सूची में सिवनी की पूर्व सांसद नीता पटेरिया तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश कार्यसमिति में कुल 106 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसके अलावा समस्त संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में कार्यसमिति का हिस्सा रहेंगे।

सिवनी जिले के दो वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलने से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि दोनों नेताओं के संगठनात्मक अनुभव का लाभ प्रदेश स्तर पर पार्टी को मिलेगा तथा जिले की राजनीतिक भागीदारी भी और मजबूत होगी।
प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित नई कार्यसमिति को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, जनसंपर्क अभियानों तथा चुनावी रणनीति के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।




