मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

आपातकाल के काले अध्याय से युवाओं को कराया जाएगा अवगत

लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेगी भाजपा, 25 जून को जिला भाजपा कार्यालय में होगा विशेष कार्यक्रम, भोपाल में मुख्यमंत्री करेंगे सम्मान

लोकतंत्र सेनानी सम्मान कार्यक्रम सिवनी, 25 जून को आपातकाल पर विशेष,  26 जून को भोपाल के रविन्द्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेंगे

Seoni 24 June 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी द्वारा 25 जून को देश के लोकतांत्रिक इतिहास के सबसे काले अध्याय माने जाने वाले आपातकाल की वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर आपातकाल को “काला दिवस” के रूप में मनाते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के योगदान और बलिदान को स्मरण किया जाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में जिला भाजपा कार्यालय में 25 जून को दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान जेल भेजे गए लोकतंत्र सेनानियों एवं मीसाबंदियों का सम्मान किया जाएगा।

लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष को किया जाएगा याद

कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश के लोकतांत्रिक इतिहास के उस दौर से परिचित कराना है, जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और नागरिक अधिकारों पर व्यापक प्रतिबंध लगाए गए थे।

भाजपा नेताओं के अनुसार 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और लोकतंत्र समर्थकों को जेलों में बंद कर दिया गया था।

यह भी पढ़े :- आपातकाल सिर्फ सत्ता की हताशा थी, न कि सुरक्षा की ज़रूरत – हेमंत खंडेलवाल

लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया गया और नागरिक स्वतंत्रताओं को सीमित कर दिया गया। ऐसे कठिन समय में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के साहस और समर्पण को याद करना आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री करेंगे सम्मान

भाजपा के जिला मंत्री तरूण मुनिया टांक ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला भाजपा कार्यालय में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कर उन्हें भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए विदा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26 जून को भोपाल के रविन्द्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेंगे।

यह भी पढ़े :-भाजपा कार्यालय में आज लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित

उन्होंने बताया कि इसी कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा द्वारा प्रदेश कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन, कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा वैभव पवार तथा पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कटनी जिला प्रभारी सुजीत जैन का भी सम्मान किया जाएगा।

लोकतंत्र के महत्व पर होगा संवाद

कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानी अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि किस प्रकार उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। साथ ही युवाओं को लोकतंत्र के महत्व, संवैधानिक अधिकारों तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिक सहभागिता की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

यह भी पढ़े :- लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि 25 हजार से बढ़कर 30 हजार रूपए प्रतिमाह होगी : मुख्यमंत्री 

भाजपा का मानना है कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। इसलिए नई पीढ़ी को आपातकाल जैसे घटनाक्रमों से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध रह सकें।

जिला भाजपा ने सभी जनप्रतिनिधियों, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करने एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने के संकल्प में सहभागी बनने की अपील की है।

https://www.amarujala.com/video/lucknow/video-video-lkatatara-sananaya-ka-mal-40-hajara-rapaya-samamana-rasha-2026-06-24

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button