क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

कृषि विभाग करेगा एफआईआर, अवैध खाद कारोबार का बड़ा खुलासा

पलारी तिगड्डा से फैला नेटवर्क, किसानों में नकली खाद को लेकर बढ़ी चिंता

240 बोरी अवैध खाद जब्त, ट्रक फरार, विभागीय निगरानी पर उठे सवाल

Seoni 24 June 2026
सिवनी यशो:- जिले का केवलारी विधानसभा क्षेत्र कृषि उत्पादन के मामले में “मिनी पंजाब” के नाम से पहचान रखता है। खरीफ सीजन में खाद की भारी मांग के बीच मंगलवार को पलारी तिगड्डा और चीचबंद क्षेत्र में कृषि विभाग की कार्रवाई ने अवैध खाद कारोबार की परतें खोल दीं। कार्रवाई के दौरान करीब 240 बोरी एनपीके (12:32:06) खाद बरामद की गई, जबकि खाद से भरा ट्रक विभागीय कार्रवाई के बीच ही फरार हो गया।

श्री राधाकृष्ण कृषि केन्द्र के नाम पर आई थी खाद

जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एमपी-28 एच-1409 से एनपीके खाद की बड़ी खेप पलारी तिगड्डा स्थित संगम पैलेस परिसर में संचालित श्री राधाकृष्ण कृषि केन्द्र के नाम पर लाई गई थी। कृषि विभाग को इसकी सूचना मिलने पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी गौरव कौरव के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।

यह भी पढ़े :- खाद माफियाओं के हौसले बुलंद! कृषि अधिकारी की मौजूदगी में ट्रक लेकर फरार, चीचबंद में पकड़ी गई अवैध खाद की खेप

सूत्रों के अनुसार विभागीय अमला दुकान तक पहुंचा, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही संबंधित संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया। अधिकारियों ने ट्रक की चाबी अपने कब्जे में ले ली थी, लेकिन इसके बावजूद चालक किसी तकनीकी उपाय से ट्रक स्टार्ट कर मौके से फरार होने में सफल रहा।

कार्रवाई रोकने ट्रैक्टर लगाया गया सामने

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विभागीय टीम जब जांच कर रही थी, उसी दौरान ट्रक के सामने एक ट्रैक्टर खड़ा कर दिया गया ताकि अधिकारियों की कार्रवाई बाधित हो सके। इसके बावजूद टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई जारी रखी।

यह भी पढ़े :- हथियार चमका कर भागे तस्कर, जंगल से सागौन तस्करी के मामले में ट्रक जप्त

बर्राटोला और चीचबंद से बरामद हुई खाद

जांच के दौरान पता चला कि फरार ट्रक से खाद की बोरियां विभिन्न स्थानों पर उतारी गई थीं। कृषि विभाग ने झगरा के बर्राटोला निवासी बल्लू ठाकुर तथा बल्ली यादव के यहां रखी खाद की बोरियां बरामद कीं।

अधिकारियों के अनुसार विभिन्न स्थानों से कुल 240 बोरी एनपीके (12:32:06) खाद जब्त की गई है। इसके अतिरिक्त ढुटेरा निवासी शेखर चौरसिया के ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई की गई, जो कथित रूप से अवैध खाद परिवहन में उपयोग किया जा रहा था।

यह भी पढ़े :-आओ गीता सीखें, पढ़े पढ़ाएं जीवन मे लाए

ट्रक अब भी फरार, एफआईआर की तैयारी

अनुविभागीय कृषि अधिकारी गौरव कौरव ने बताया कि जब्त खाद की जांच की जा रही है तथा कृषि उपसंचालक के निर्देश पर प्रकरण दर्ज कर एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फरार ट्रक संभवतः धार जिले से यहां पहुंचा हो सकता है।

यह भी पढ़े :-30 जून तक पूरा करें खाद्यान्न उठाव, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

अधिकारी ने यह भी आशंका जताई कि क्षेत्र में पूर्व में भी इसी प्रकार अवैध खाद का विक्रय किया गया हो सकता है, क्योंकि जांच के दौरान कई किसानों तक बड़ी मात्रा में खाद पहुंचने के संकेत मिले हैं।

डीएपी की कमी के बीच बढ़ी किसानों की चिंता

खरीफ सीजन में जिले की अधिकांश सहकारी समितियों में डीएपी खाद की उपलब्धता सीमित होने के कारण किसानों को एनपीके खाद लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। एनपीके खाद की कीमत डीएपी से अधिक होने के कारण खेती की लागत भी बढ़ रही है।

यह भी पढ़े :-<खाद माफियाओं के आगे बेबस दिखा तंत्र! कार्रवाई रोकने ट्रैक्टर अड़ाया, ट्रक लेकर भागा चालक/h6>

ऐसे समय में अवैध खाद कारोबार की खबर सामने आने से किसानों में चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि जब वैध माध्यमों से पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो रही, तब निजी स्तर पर इतनी बड़ी मात्रा में खाद कहां से पहुंच रही है, इसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।

नकली या अमानक खाद की आशंका भी बनी

ग्रामीणों और किसानों ने मांग की है कि जब्त खाद के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि खाद मानक गुणवत्ता की है या नहीं। किसानों का कहना है कि कहीं अधिक मुनाफे के लिए अमानक या नकली खाद तो बाजार में नहीं बेची जा रही।

सांठगांठ के बिना संभव नहीं इतना बड़ा नेटवर्क?

क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर खाद की आपूर्ति की चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या संबंधित विभागों की जानकारी के बिना इतना बड़ा अवैध कारोबार संभव है? यदि नहीं, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?

यह भी पढ़े :- केवलारी के अलोनीखापा में दर्दनाक हादसा, रोटावेटर की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत

अब पूरे जिले की निगाहें कृषि विभाग की जांच रिपोर्ट और संभावित एफआईआर पर टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कार्रवाई केवल जब्ती तक सीमित रहती है या फिर इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क तक पहुंचती है।

(नोट: जांच जारी है। संबंधित पक्षों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

https://www.krishakjagat.org/news/madhya-pradesh-paddy-seeds-were-being-sold-in-sidhi-without-source-certificates-the-agriculture-department-seized-the-stock-and-registered-an-fir/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button